ऋषिकेश में गंगा तट पर आध्यात्म और संस्कृति का संगम, सीएम धामी व भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने की गंगा आरती

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 29 May, 2026 09:49 PM
ऋषिकेश में गंगा तट पर आध्यात्म और संस्कृति का संगम, सीएम धामी व भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने की गंगा आरती

ऋषिकेश, 29 मई। ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विधिवत गंगा पूजन कर भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने मां गंगा से देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा विश्व शांति की कामना की।


परमार्थ निकेतन घाट पर आयोजित गंगा आरती के दौरान वेद मंत्रों, भजन-कीर्तन और दीपों की दिव्य आभा से पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री धामी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मां गंगा की आराधना करते हुए प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण और वैश्विक शांति के लिए प्रार्थना की।


इस अवसर पर उपस्थित संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं और जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत धारा है, जिसने सदियों से देश की आध्यात्मिक चेतना को पोषित किया है। उन्होंने कहा कि गंगा तट पर आना सदैव आत्मिक शांति और आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है।


नितिन नबीन ने भारतीय संत परंपरा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब-जब देश सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक चुनौतियों से गुजरा है, तब संतों और ऋषियों ने अपने तप, त्याग और ज्ञान के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और तपस्या की विरासत को संत समाज ने पीढ़ी दर पीढ़ी संरक्षित रखा है।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसी देवभूमि भारत की सनातन चेतना का केंद्र है, जहां से पूरे देश को आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त होती है। गंगा, संत परंपरा और भारतीय संस्कृति का संरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति नैतिक जिम्मेदारी भी है।


इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए गंगा संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों से देश की प्रतिष्ठा विश्वभर में बढ़ी है। उन्होंने उत्तराखंड को दिव्यता, संयम और संगम की भूमि बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना की।


कार्यक्रम में जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी, निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित अनेक संत-महात्मा, अधिकारी, श्रद्धालु और देश-विदेश से आए पर्यटक उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2