उत्तराखंड : सरखेत में आपदा सुरक्षा कार्यों का जायजा लेने पहुंचे गणेश जोशी, बरसात से पहले काम पूरा करने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 May, 2026 06:38 PMदेहरादून, 22 मई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार सुबह आपदा प्रभावित सरखेत क्षेत्र पहुंचकर चल रहे सुरक्षात्मक एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आगामी मानसून को देखते हुए सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गणेश जोशी ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में जमा मलवे की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल मलवा चौनेलाइजेशन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य में संभावित आपदा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य सुनिश्चित करें।
गणेश जोशी ने सरखेत क्षेत्र में मलवा चौनेलाइजेशन और अन्य सुरक्षात्मक कार्यों के लिए विधायक निधि से 5 से 10 लाख रुपये तक की धनराशि उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दीक्षांत गुप्ता, तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह, ग्राम प्रधान सागर पंवार, बालम सिंह, पंचम सिंह रावत, विशाल पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



No Previous Comments found.