अक्षय तृतीया पर सीएम धामी ने किया अखंड परमधाम गंगा घाट का लोकार्पण, बोले- उत्तराखंड बनेगा विश्व की आध्यात्मिक राजधानी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Apr, 2026 02:34 PMहरिद्वार, 19 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हरिद्वार में आयोजित श्री अखंड परमधाम गंगा घाट के लोकार्पण समारोह तथा स्वामी परमानन्द गिरि जी महाराज की 71वीं संन्यास जयंती समारोह में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नमामि गंगे योजना के तहत निर्मित अखंड परमधाम गंगा घाट का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से पधारे संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक घाट के लोकार्पण का अवसर नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना के निरंतर प्रवाह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वामी परमानन्द गिरि जी महाराज का जीवन तप, त्याग और साधना का अनुपम उदाहरण है, जिनकी शिक्षाओं ने समाज को सेवा, करुणा और मानव कल्याण की दिशा दिखाई है।
सीएम धामी ने साध्वी ऋतंभरा जी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संत समाज का मार्गदर्शन समाज को सही दिशा देता है और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने श्रीराम मंदिर निर्माण, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर तथा महाकाल लोक जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में केदारखंड एवं मानसखंड मंदिर क्षेत्रों का विकास, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा यमुनातीर्थ स्थल के पुनरुद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज की स्थापना भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता लागू करने, धर्मांतरण विरोधी कानून तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध की गई कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और जनसंख्या संतुलन की सुरक्षा के लिए संकल्पबद्ध है।
चारधाम यात्रा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय तृतीया के अवसर पर मां यमुना और मां गंगा के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि चारधाम यात्रा सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित हो। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में योग ऋषि स्वामी रामदेव, साध्वी ऋतंभरा, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, स्वामी कैलाशानंद गिरि, आचार्य बालकृष्ण, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, मंत्री मदन कौशिक, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.