चारधाम यात्रा से पहले सभी तैयारियां पूरी करें, जाम और आपदा से निपटने के पुख्ता इंतजाम हों : मुख्य सचिव

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 8 Apr, 2026 09:02 PM
चारधाम यात्रा से पहले सभी तैयारियां पूरी करें, जाम और आपदा से निपटने के पुख्ता इंतजाम हों : मुख्य सचिव

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय रहते पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रैफिक जाम, लैंडस्लाइड और आपदा जैसी स्थितियों से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


सचिवालय में बुधवार को चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में आनन्द बर्द्धन ने पुलिस, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, पर्यटन सहित सभी संबंधित विभागों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



जाम और स्लाइडिंग जोन पर विशेष फोकस



मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जाम वाले स्थानों और स्लाइडिंग जोन को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़े होल्डिंग एरिया विकसित किए जाएं, जहां यात्रियों के रुकने, भोजन और अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हो।



यात्रियों को मिले रियल टाइम जानकारी



उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रियों को ट्रैफिक, मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी वॉकी-टॉकी, एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यात्रा के दौरान ‘सचेत ऐप’ डाउनलोड कराना अनिवार्य किया जाए, जिससे यात्रियों को अपडेट मिलती रहे।



स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर



आनन्द बर्द्धन ने स्वास्थ्य विभाग को केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में 15-15 दिन के रोटेशन पर चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य करने और यात्रा मार्गों पर स्क्रीनिंग प्वाइंट बढ़ाने को कहा।



सड़क और आपदा प्रबंधन की तैयारी



मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग को यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डेंजर और स्लाइडिंग जोन में मशीनें और उपकरण पहले से तैनात रखने को कहा गया है। साथ ही आपदा की स्थिति में हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



बिजली, पानी और परिवहन पर भी निर्देश



उन्होंने विद्युत विभाग को चारों धामों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और बद्रीनाथ में लो-वोल्टेज समस्या के समाधान के निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति, जीएमवीएन की व्यवस्थाएं, शटल हेलीकॉप्टर सेवा और ऑनलाइन-ऑफलाइन बुकिंग प्रणाली को भी दुरुस्त करने को कहा गया।



प्रचार-प्रसार और आवश्यक आपूर्ति



मुख्य सचिव ने सूचना विभाग को यात्रा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को वाहनों के फिटनेस, ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड समय पर जारी करने को कहा गया, जबकि आपूर्ति विभाग को यात्रा मार्गों पर गैस, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2