उत्तराखंड : ऑपरेशन प्रहार में पुलिस का शिकंजा, राजपुर फायरिंग से लेकर डकैती और फरार इनामी अपराधी तक कई गिरफ्तार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 1 Apr, 2026 10:24 PM
उत्तराखंड : ऑपरेशन प्रहार में पुलिस का शिकंजा, राजपुर फायरिंग से लेकर डकैती और फरार इनामी अपराधी तक कई गिरफ्तार

देहरादून (युगवार्ता) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार एक्शन मोड में है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राजपुर फायरिंग हत्याकांड में तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 18.5 लाख रुपये की डकैती के फरार आरोपी को ऋषिकेश से दबोचा गया है। इसके अलावा, एक लाख रुपये के इनामी और जेल से फरार अपराधी को भी संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है।


राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में आदेश गिरी पुत्र ओमप्रकाश गिरी निवासी शिवपुरी गडीपुता, थाना गडीपुता, जनपद शामली (उत्तर प्रदेश), समीर चौधरी पुत्र चरमेनदर सिंह निवासी ग्राम गदर जुड्डा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार तथा मोहित अरोड़ा पुत्र रमेश अरोड़ा निवासी बी-43 रामा पार्क रोड, मोहन गार्डन, उत्तम नगर, नई दिल्ली शामिल हैं। यह घटना बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच हुई रंजिश और पीछा करने के दौरान चली फायरिंग से जुड़ी है, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वृद्ध व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस प्रकरण में इससे पहले भी चार अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि अन्य की तलाश जारी है।


इसी अभियान के तहत महाराष्ट्र के रायगढ़ जनपद के अलीबाग क्षेत्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे योगेश रमेश लहारे पुत्र रमेश लहारे निवासी पडसगांव बुधरु, थाना मानगांव, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र, उम्र 31 वर्ष को दून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार था। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान के जरिए उसकी पहचान की गई और उसे पकड़ा गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।


इसी क्रम में उड़ीसा के कटक जनपद से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी पुत्र महेश साहनी निवासी लोदिया नगर, थाना मीरगंज, जिला बेगूसराय, बिहार, उम्र 34 वर्ष को भी ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए उड़ीसा पुलिस से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने सीसीटीवी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसके बाद टिहरी और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन सहित घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न प्रांतों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।


देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग से डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ भी सघन अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान के तहत छह व्यक्तियों के खिलाफ धारा 83 पुलिस एक्ट और 14 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई। साथ ही नो पार्किंग जोन और फुटपाथ पर खड़े आठ वाहनों को क्रेन से हटाकर कोतवाली कैंट लाया गया और संबंधित चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।


डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में पुलिस टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। बैरियर और संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच की जा रही है। जनसुरक्षा के दृष्टिगत पीजी, हॉस्टल, होटल, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर चालान और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले पब और बार पर भी सख्त कार्रवाई हो रही है। शहरों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाकर कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2