कालाढूंगी में केंद्रीय संचार ब्यूरो का दो दिवसीय आउटरीच कार्यक्रम संपन्न, ‘पुनर्वास की आस’ नाटक से दिया नशा मुक्ति का संदेश
‘विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण’ पर केंद्रित कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं की जानकारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रतियोगिताओं का आयोजन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Jul, 2026 07:05 PMकालाढूंगी (नैनीताल), 29 जुलाई। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), नैनीताल द्वारा आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का बुधवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी में उत्साहपूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण’ तथा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ रहा, जिसके माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक अभियानों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं और अभियानों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में संजना, सचिन, हर्षित, रूप, हिमानी, योगेश और नितिन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सही उत्तर दिए और आकर्षक पुरस्कार प्राप्त किए।
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गोस्वामी सरस्वती विद्या मंदिर के बालिका वर्ग में नेहा शाह ने प्रथम, शुभांगी ने द्वितीय और साक्षी विष्णु ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित बालक वर्ग की प्रतियोगिता में हर्षित सैनी प्रथम, बिलाल द्वितीय और फैजान तृतीय रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में सत्य बिष्ट ने प्रथम, महक बिष्ट ने द्वितीय तथा रचना मेरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। निधि डबल, तमन्ना बिष्ट और अंजली पांडे ने कुमाऊनी संस्कृति पर आधारित आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, खुरपा ताल के कलाकारों ने पारंपरिक कुमाऊनी लोक संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली आकर्षण केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘पुनर्वास की आस’ रहा। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कालाढूंगी की चिकित्सक डॉ. प्रियंका कांडपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक गंभीर बीमारी है और इससे दूर रहकर ही स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
दो दिवसीय इस आउटरीच कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय युवाओं और छात्र-छात्राओं को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें विकसित भारत के निर्माण और नशा मुक्त समाज की दिशा में सक्रिय भागीदारी का संदेश भी दिया गया।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.