मन की बात सुनने बूथों तक पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता, महेंद्र भट्ट ने दिया ‘कैच द रेन’ और जल संरक्षण का संदेश
प्रदेश अध्यक्ष बोले- बारिश की हर बूंद बचाना और ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाना हम सभी की जिम्मेदारी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Jul, 2026 09:14 PMदेहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण को रविवार को उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर जनसहभागिता के साथ सुना। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री की ‘कैच द रेन’ मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने तथा बारिश की हर बूंद बचाने का आह्वान किया।
महेंद्र भट्ट ने राजपुर विधानसभा के करनपुर मंडल के बूथ संख्या-75 पर कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री के विचार समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक बदलाव और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोग प्रकृति के महत्व को अपनी जीवनशैली का हिस्सा मानते हैं। ऐसे में बारिश की हर बूंद का संरक्षण करना और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इससे आने वाली पीढ़ियों को हरियाली और समृद्ध प्राकृतिक विरासत सौंपी जा सकेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से खादी, हैंडलूम और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की। साथ ही आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को पहले से अधिक व्यापक और सफल बनाने के लिए अभी से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उधर, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भी बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन और चंडी प्रसाद बेलवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।



No Previous Comments found.