चकराता में ‘विकसित भारत’ पर केंद्रीय संचार ब्यूरो का तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
चित्र प्रदर्शनी, प्रतियोगिताओं और सूचना स्टॉलों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Jul, 2026 06:58 PMदेहरादून। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून द्वारा चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में आयोजित ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आमजन को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, जन-जागरूकता गतिविधियां और सूचना स्टॉल लगाए गए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए ताकि वे स्वयं उनका लाभ उठा सकें और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
समापन दिवस पर कैंट इंटर कॉलेज, चकराता के छात्र-छात्राओं ने भाषण, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल, चकराता के विद्यार्थियों ने चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। वहीं तीसरे दिन कैंट इंटर कॉलेज के छात्रों ने जौनसारी लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
दूसरे दिन की मुख्य अतिथि एवं जौनसार पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मृदुला थापा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनमें जागरूकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग और बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की प्रमुख योजनाओं, सेवाओं और लाभार्थी कार्यक्रमों की जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल चांदना ने सम्मानित किया।
जौनसार पब्लिक स्कूल (जूनियर वर्ग) में नमस्वी तोमर प्रथम, अर्पित रंजन द्वितीय और एना तोमर तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में शम्भवी ने प्रथम, अरैना चांदना ने द्वितीय और ईशांत नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कैंट इंटर कॉलेज की नाव्या प्रथम, प्रिन्सी द्वितीय और कृष तृतीय स्थान पर रहे। इसी विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में गरिमा ने प्रथम, आराध्य तोमर ने द्वितीय तथा सोनाक्षी वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना, युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Dehradun #Chakrata #ViksitBharat #CentralBureauOfCommunication #PIB #GovernmentOfIndia #OutreachProgramme #RuralDevelopment #UttarakhandNews #Yugvarta



No Previous Comments found.