अखरोट, बादाम और पाइन नट्स उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पोस्ट बजट वेबिनार में लिया भाग
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Mar, 2026 05:00 PMदेहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित राजकीय उद्यान सर्किट हाउस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित पोस्ट बजट वेबिनार में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। यह वेबिनार अखरोट, बादाम और पाइन नट्स जैसे गिरीदार फलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में किसानों की आय बढ़ाने और औद्यानिकी क्षेत्र के विकास के लिए प्रभावी नीतियां लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अखरोट, बादाम और पाइन नट्स को प्रोत्साहन देने की केंद्र सरकार की घोषणा किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ किसानों की समृद्धि के लिए भी समान रूप से चिंतित रहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है और राज्य में औद्यानिकी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में सेब की अति सघन बागवानी, उत्तराखंड कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट फार्मिंग, सेब तुड़ाई उपरांत प्रबंधन योजना, मधुमक्खी पालन नीति और अत्याधुनिक सेब नर्सरी विकास योजना जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।
कृषि मंत्री ने बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड में लगभग 5642 हेक्टेयर क्षेत्रफल में अखरोट की खेती की जा रही है, जिससे करीब 8995 मीट्रिक टन उत्पादन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियां अखरोट और बादाम की खेती के लिए अनुकूल हैं और इन फसलों को जंगली जानवरों से भी अपेक्षाकृत कम नुकसान होता है, जिससे किसानों को बेहतर आय प्राप्त हो सकती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अखरोट की खेती को क्लस्टर आधारित मॉडल पर बढ़ावा दिया जाए तथा बादाम सहित अन्य गिरीदार फलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही कम समय में अधिक उत्पादन देने वाली उन्नत किस्मों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य की पौधशालाओं में वर्तमान में अखरोट के 42,699 और बादाम के 630 पौधे उपलब्ध हैं। गुणवत्तायुक्त फल पौध तैयार करने के लिए राजकीय उद्यानों और नर्सरियों को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि किसानों को उनकी मांग के अनुसार पौधे उपलब्ध कराए जा सकें।
इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य के उद्यानों और पौधशालाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए आउटसोर्सिंग के माध्यम से 415 मालियों की भर्ती प्रक्रिया में आ रही विसंगतियों को जल्द दूर कर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
इस अवसर पर निदेशक उद्यान सुंदर लाल सेमवाल, बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल, रतन कुमार सहित बड़ी संख्या में कृषक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.