किसानों के हित सर्वोपरि: गणेश जोशी ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा, चाय की ब्रांडिंग और लंबित भुगतान जल्द जारी करने के निर्देश
उत्तराखंड की चाय को नई पहचान दिलाने पर जोर, बारिश से फसल नुकसान की रोजाना रिपोर्ट तलब
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Jul, 2026 10:01 PMदेहरादून, 30 जुलाई। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक कर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय कैलेंडर के अनुसार समयबद्ध ढंग से किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके।
बैठक में मंत्री ने उत्तराखंड की चाय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए उसके व्यापक प्रचार-प्रसार, आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने देहरादून स्थित किसान भवन में उपयुक्त स्थान पर टी-आउटलेट स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे राज्य की चाय के साथ-साथ जैविक उत्पादों को भी बेहतर बाजार और पहचान मिल सके।
मानसून के दौरान किसानों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगातार हो रही बारिश के कारण जिन किसानों की फसलें बाजार तक नहीं पहुंच पा रही हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बरसात से फसलों को हुए नुकसान की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट मंत्रालय को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट समेत विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता समय पर मिलना बेहद आवश्यक है और इसमें किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान नाबार्ड के माध्यम से प्रदेशभर में संचालित पॉलीहाउस निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कृषि सचिव एस.एन. पांडेय, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, उद्यान निदेशक आर.के. सिंह, बागवानी मिशन के निदेशक महेन्द्र पाल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#उत्तराखंड #गणेशजोशी #कृषिमंत्री #किसान #उत्तराखंडचाय #ऑर्गेनिकफार्मिंग #पॉलीहाउस #नाबार्ड #देहरादून



No Previous Comments found.