कारगिल विजय दिवस: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद राजेश गुरुंग को दी श्रद्धांजलि, कहा- वीरों का बलिदान राष्ट्र को सदैव प्रेरित करेगा

चांदमारी स्थित शहीद के आवास पहुंचे मंत्री, वीरता पुरस्कारों की सम्मान राशि बढ़ाने और शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने के निर्णय का किया उल्लेख

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 26 Jul, 2026 09:16 PM
कारगिल विजय दिवस: सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीद राजेश गुरुंग को दी श्रद्धांजलि, कहा- वीरों का बलिदान राष्ट्र को सदैव प्रेरित करेगा

देहरादून। कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत घंघोड़ा-चांदमारी स्थित करगिल शहीद राजेश गुरुंग के आवास पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित किया और श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर गणेश जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना की वीरता, साहस और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कारगिल युद्ध के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और देशभक्ति के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार सैनिकों और शहीदों के सम्मान के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि परमवीर चक्र से लेकर ‘मेंशन इन डिस्पैच’ तक सभी वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों की सम्मान राशि में वृद्धि की गई है। साथ ही शहीद सैनिकों के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने का निर्णय भी लागू किया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 28 शहीद सैनिकों के आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। वहीं, परमवीर चक्र विजेताओं की सम्मान राशि ₹1.5 करोड़ से बढ़ाकर ₹2 करोड़ किए जाने को उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद राजेश गुरुंग की माता बसंती गुरुंग, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, पूर्व सैनिक दिनेश प्रधान, किरन, सपना मल्ल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2