रुद्रपुर में प्रस्तावित ‘मानस खंड शिव कॉरिडोर’ का प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए तेजी से कार्य करने के निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 14 Jul, 2026 10:18 PM
रुद्रपुर में प्रस्तावित ‘मानस खंड शिव कॉरिडोर’ का प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए तेजी से कार्य करने के निर्देश

रुद्रपुर। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने सोमवार को रुद्रपुर में प्रस्तावित ‘मानस खंड शिव कॉरिडोर’ परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्री नीलकंठ धाम, गोल्ज्यू मंदिर और शिव मंदिर का दौरा कर परियोजना की संभावनाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा और मेयर विकास शर्मा भी मौजूद रहे। स्थलीय निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने नगर निगम, पर्यटन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ‘मानस खंड शिव कॉरिडोर’ रुद्रपुर की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके विकसित होने से शहर आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा और प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर रुद्रपुर की अलग पहचान बनेगी। प्रदीप बत्रा ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और अन्य सेवा क्षेत्रों को नई गति मिलेगी। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा ‘मानस खंड शिव कॉरिडोर’ उसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य रुद्रपुर को ऐसी नई पहचान देना है, जहां आस्था, संस्कृति और आधुनिक विकास का समन्वय दिखाई दे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र आर्थिक एवं पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम, पर्यटन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की गई। अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ तेजी से कार्य करते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2