हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर अफवाहों पर श्रद्धालुओं का जवाब, बोले- यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, व्यूज के लिए फैलाई जा रही गलत जानकारी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Jun, 2026 06:07 PMदेहरादून। Hemkund Sahib यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच तीर्थयात्रियों ने सामने आकर यात्रा व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बताया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर व्यूज पाने के लिए गलत जानकारी फैलाकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि यात्रा पूरी तरह सकुशल संचालित हो रही है।
पंजाब से अपने परिवार के साथ हेमकुंट साहिब दर्शन के लिए पहुंचीं श्रद्धालु सुखबीर कौर ने यात्रा को लेकर सकारात्मक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वह 19 जून को यात्रा पर निकली थीं और इस दौरान कई लोगों ने उन्हें यात्रा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी थी। मंगलवार को यात्रा पूरी कर Govindghat पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
सुखबीर कौर ने कहा कि स्थानीय प्रशासन से लेकर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तक सभी व्यवस्थाएं पूरी क्षमता के साथ संचालित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधा, रहने और खाने की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। साथ ही स्थानीय लोग भी यात्रियों की हर संभव मदद कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुछ लोग केवल सोशल मीडिया व्यूज के लिए यात्रा को लेकर अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं से भी बिना भ्रमित हुए यात्रा कर दर्शन लाभ लेने की अपील की।
यात्रा पूरी कर लौटे अन्य तीर्थयात्रियों ने भी वीडियो बयान जारी कर कहा कि भारी भीड़ के बावजूद यात्रा व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं ने बताया कि पुलिस और प्रशासन लगातार सहयोग कर रहे हैं और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
तीर्थयात्रियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर यात्रा को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वे वास्तविक स्थिति से बिल्कुल अलग हैं। जमीनी स्तर पर यात्रा पहले की तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और स्थानीय लोगों के सहयोग से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं के इन बयानों ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।



No Previous Comments found.