तमिलनाडु में ‘थलपति’ विजय का उभार, सत्ता की दहलीज पर TVK

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 May, 2026 02:00 PM
तमिलनाडु में ‘थलपति’ विजय का उभार, सत्ता की दहलीज पर TVK

चेन्नई : तमिलनाडु को जल्द ही अपना नया ‘थलपति’ मिल सकता है। ‘थलपति’ तमिल शब्द है, जिसका अर्थ होता है—कमांडर, सेनापति या जननेता, यानी ऐसा नेता जिसे जनता का भरपूर समर्थन मिले। 2026 विधानसभा चुनाव के रुझानों में तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) को बहुमत की ओर बढ़ते देखा जा रहा है। विजय थलपति की पार्टी 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है।


एग्जिट पोल से रुझानों तक
एग्जिट पोल में भी विजय की पार्टी के मजबूत प्रदर्शन के संकेत मिले थे। उस समय सवाल उठ रहा था कि क्या विजय, अरविंद केजरीवाल की तरह बड़ी जीत दर्ज करेंगे या फिर प्रशांत किशोर जैसा परिणाम सामने आएगा। मौजूदा रुझान इस ओर इशारा कर रहे हैं कि विजय तमिलनाडु में केजरीवाल की तरह सत्ता के केंद्र में उभर रहे हैं। शुरुआती आकलन जहां उन्हें एक मजबूत खिलाड़ी मान रहे थे, वहीं अब तस्वीर साफ है कि उनकी पार्टी सत्ता हासिल करने की स्थिति में पहुंच गई है।


युवा और शहरी वोटरों का समर्थन
रुझानों से यह भी स्पष्ट है कि शहरी और युवा मतदाताओं ने विजय की पार्टी को जबरदस्त समर्थन दिया है। सीटों में तेज बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि TVK सत्ता के करीब पहुंच चुकी है। पहली बार चुनाव लड़ रहे विजय थलपति का प्रदर्शन उस तरह का दिख रहा है जैसा कभी अरविंद केजरीवाल ने अपने पहले चुनाव में किया था। इसके साथ ही विजय अब तमिलनाडु की राजनीति के केंद्र में स्थापित होते नजर आ रहे हैं।


लोकप्रियता को वोट में बदला
विजय अब उन नेताओं की श्रेणी में शामिल हो गए हैं जिन्होंने अपनी लोकप्रिय छवि को सीधे वोट में बदलने का काम किया है। तमिलनाडु में पहले भी एमजी रामचंद्रन और जे. जयललिता जैसे नेता इसी राह पर चले हैं। जहां एक ओर प्रशांत किशोर बिहार में अपनी राजनीतिक शुरुआत को वोट में बदलने में सफल नहीं हो पाए, वहीं विजय ने अपनी लोकप्रियता को जनसमर्थन में तब्दील कर अलग पहचान बनाई है, ठीक उसी तरह जैसे कभी केजरीवाल ने किया था।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2