“हरिद्वार की नई धर्मशाला कुंभ और चारधाम यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के लिए बनेगी सहारा” : मुख्यमंत्री धामी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 May, 2026 03:55 PM
“हरिद्वार की नई धर्मशाला कुंभ और चारधाम यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के लिए बनेगी सहारा” : मुख्यमंत्री धामी

हरिद्वार, 24 मई। Pushkar Singh Dhami ने हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नव निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्मित यह धर्मशाला आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी तथा सेवा और सहयोग का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।


मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने सदैव अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा तथा देश की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में समाज के लोगों ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बना रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का सजीव प्रतीक है।


उन्होंने कहा कि Haridwar भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु माँ गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक गतिविधियों को भी मजबूती देगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु को सुव्यवस्थित और सुरक्षित अनुभव प्राप्त हो।


मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिलने का उल्लेख करते हुए अयोध्या में श्रीराम मंदिर, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में केदारखंड और मानसखंड क्षेत्रों के प्राचीन मंदिरों के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार जारी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सनातन मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है, जो मातृशक्ति के सम्मान और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय है।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है तथा निर्धारित स्थलों पर ही धार्मिक आयोजन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हरी चेतना नन्द महाराज, मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री Kailash Vijayvargiya, विनय रोहिला, विशाल पटेल, आशाराम सिसोदिया, सीताराम पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल सहित बड़ी संख्या में ट्रस्टी और श्रद्धालु मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2