बेंगलुरु की पत्थर खदान में दर्दनाक हादसा, 7 मजदूरों की मौत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 Jul, 2026 08:19 AMनई दिल्ली, जुलाई 2, 2026 कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मदापटना गांव में गुरुवार को एक पत्थर खदान में बड़ा हादसा हो गया। नियमित खनन कार्य के दौरान एक विशाल चट्टान अचानक लुढ़ककर मजदूरों पर आ गिरी। इस दुर्घटना में कम से कम सात श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा तवरेकेरे पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कावेरी क्रशर यूनिट में हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, "कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में पत्थर खदान में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर से बेहद दुख हुआ। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने हादसे को दुखद बताते हुए कहा, "मगडी रोड पर स्थित दो सटे हुए खदानों में यह दुखद घटना हुई है। मुझे जानकारी मिली है कि सात लोगों की मौत हुई है। सभी शव बरामद कर लिए गए हैं और वरिष्ठ अधिकारी मौके का दौरा कर चुके हैं। यह स्पष्ट हुआ है कि यहां कोई ब्लास्टिंग नहीं हुई थी। मैं इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त करूंगा। अभी यह तय किया जाना बाकी है कि खदानें कानूनी रूप से संचालित हो रही थीं या अवैध रूप से। निर्धारित नियमों का पालन किया जाना चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और सभी तथ्यों की पुष्टि होने पर मुआवजे का ऐलान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, "सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।" उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "खदानों में कार्यरत मजदूरों की जान और सुरक्षा सुनिश्चित करना खदान संचालकों की जिम्मेदारी है। जो खदानें नियमों का उल्लंघन करेंगी, उनके खिलाफ सरकार उचित कार्रवाई करेगी।"



No Previous Comments found.