UP News:2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, संगठन और एनडीए समन्वय पर बड़ा मंथन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 5 Jul, 2026 08:35 PM
UP News:2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, संगठन और एनडीए समन्वय पर बड़ा मंथन

लखनऊ, 5 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और सक्रिय बनाने तथा एनडीए सहयोगियों के साथ तालमेल मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण बैठकें हुईं, जिनमें संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और गठबंधन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों को जनता के बीच नियमित सक्रियता बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और मोर्चा अध्यक्षों के लिए हर महीने जनता के बीच नियमित प्रवास को अनिवार्य बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने मासिक प्रवास की रिपोर्ट साक्ष्यों सहित संगठन महामंत्री को सौंपें। साथ ही यूजीसी से जुड़े मुद्दों और राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जनता के बीच जाकर तथ्यात्मक और आक्रामक तरीके से जवाब देने के निर्देश दिए। होटल ताज में सांसदों और विधायकों के साथ हुई बैठक में उन्होंने आपसी मतभेदों से बचते हुए बेहतर समन्वय के साथ काम करने की सलाह दी और स्पष्ट किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण का प्रमुख आधार जनप्रतिनिधियों का प्रदर्शन और जनता के बीच उनकी स्वच्छ छवि होगी। दौरे के दूसरे दिन नितिन नवीन ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर प्रदेश की विधानसभा सीटों के जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों पर फीडबैक लिया। बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी. यूपी की जनता गुंडा राज, माफिया राज या दंगे नहीं बल्कि विकास और सुशासन चाहती है. अगर सपा सत्ता में आई तो वह लोगों को डराएगी और जमीन हड़पने का सिलसिला फिर शुरू हो जाएगा. अगले 21 वर्षों तक सपा सत्ता के आसपास भी नहीं होगी." वहीं होटल ताज में एनडीए के सहयोगी दलों के साथ हुई बैठक में गठबंधन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा हुई, जबकि सीट बंटवारे को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया। बैठक के बाद नितिन नवीन ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ने में पूरी तरह सक्षम है. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि एनडीए के सभी घटक दल उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए मिलकर काम करते रहें." वहीं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि उम्मीदवार चयन में जीत की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी 2017 से बड़े जनादेश का भरोसा जताया। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद और अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल ने भी गठबंधन के भीतर बेहतर समन्वय और साझा रणनीति के साथ आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता दोहराई, जबकि सीट बंटवारे के मुद्दे को भविष्य का विषय बताया। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2