नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक, बेहतर वेतन की मांग पर बवाल; फरीदाबाद में भी हंगामा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Apr, 2026 01:08 PMनोएडा में मजदूरों का वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन सोमवार को अचानक हिंसक हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 और आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़, पथराव और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और एक वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मजदूर पिछले कई दिनों से वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
हरियाणा में न्यूनतम वेतन बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश में वेतन न बढ़ने से असंतोष और ज्यादा बढ़ गया, जिसके चलते यह आंदोलन उग्र हो गया। प्रदर्शन के कारण दिल्ली-नोएडा बॉर्डर सहित कई प्रमुख सड़कों पर भारी जाम लग गया, जिससे आम लोगों और ऑफिस जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
वहीं, फरीदाबाद में भी मजदूरों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। प्रशासन ने मजदूरों की मांगों पर विचार करने और हालात सामान्य करने के लिए कई कदम उठाने का आश्वासन दिया है, जबकि पूरे एनसीआर में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


No Previous Comments found.