कांवड़ यात्रा: मेरठ में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Jul, 2026 06:41 PMलखनऊ, 28 जुलाई 2026 कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए मेरठ पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन योजना तैयार की है। इसके तहत 29 जुलाई की रात 12 बजे से 12 अगस्त तक दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (गाजियाबाद से मेरठ दिशा) और चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, 5 अगस्त की रात से 12 अगस्त की रात तक हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-मेरठ दिशा में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर यातायात पूरी तरह रोका जा सकता है। गंगा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। मेरठ जोन और आसपास के जिलों के पुलिस अधिकारियों के समन्वय से तैयार इस योजना के अनुसार 2 अगस्त की रात 12 बजे से एनएच-58 पर हल्के और मध्यम वाहन मेरठ से मुजफ्फरनगर और हरिद्वार की ओर बाईं लेन पर दोनों दिशाओं में संचालित होंगे, जबकि दाहिनी लेन हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं होगी, बल्कि पूर्व निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकाली जाएगी। कांवड़ियों की संख्या और मौके की परिस्थितियों के अनुसार यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं। राजस्थान, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मुरादाबाद सहित कई क्षेत्रों से उत्तराखंड, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और अन्य स्थानों की ओर जाने वाले भारी, हल्के और मध्यम वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, एनएच-09, गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य निर्धारित मार्गों के जरिए वाहनों का संचालन कराया जाएगा। मेरठ, शामली, करनाल, अंबाला, देहरादून और हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, ताकि कांवड़ मार्ग पर यातायात का दबाव कम रहे और श्रद्धालुओं की यात्रा निर्बाध बनी रहे। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरे मेरठ रेंज में व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रमुख मंदिरों और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों और आम यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा, "कांवड़ यात्रा के सुव्यवस्थित एवं सुगम संचालन के लिए जोन में वृहद तैयारियां की गईं हैं। रेंज में कई प्रमुख मंदिर व घाट हैं। कांवड़ियों और यात्रियों को परेशानी न हो इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के साथ ही यातायात प्लान भी तैयार किया गया है। अन्य राज्यों के अधिकारियों से भी समन्वय किया जा रहा है।"



No Previous Comments found.