'JPNIC देखकर याद आया आपका पाप'... ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

'जयप्रकाश जी के नाम पर भी घोटाला किया', जेपीएनआईसी के बहाने राजभर का अखिलेश पर वार, '200 करोड़ की बिल्डिंग 860 करोड़ में बनवाई'... जेपीएनआईसी को लेकर राजभर के निशाने पर अखिलेश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 8 Jul, 2026 07:57 PM
'JPNIC देखकर याद आया आपका पाप'... ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) को लेकर अखिलेश यादव और उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।


राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए की। उन्होंने लिखा कि सुबह जब वह काम से निकले तो रास्ते में जेपीएनआईसी दिखाई दिया। इसे देखकर उन्हें लोकनायक जयप्रकाश नारायण की याद आई और फिर अखिलेश यादव का ख्याल आया।


राजभर ने अखिलेश पर लगाए गंभीर आरोप-


राजभर ने आरोप लगाया कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनाई गई इमारत में भी भ्रष्टाचार किया गया। उन्होंने कहा कि करीब 200 करोड़ रुपये की लागत वाली बिल्डिंग का काम 860 करोड़ रुपये में कराया गया, लेकिन इसके बावजूद भवन पूरा नहीं बन सका। उन्होंने आगे लिखा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण का जीवन समाज और देश के लिए समर्पित रहा, इसलिए उनके नाम पर भ्रष्टाचार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजभर ने दावा किया कि यही कारण है कि समाजवादी पार्टी पिछले नौ वर्षों से सत्ता से बाहर है और आगे भी सत्ता में नहीं लौट पाएगी।


अपने पोस्ट में राजभर ने कहा कि जब भी अखिलेश यादव जेपीएनआईसी की इमारत को देखेंगे, उन्हें अपने किए पर ग्लानि और पछतावा जरूर होगा। उन्होंने पूर्वजों और महान नेताओं का सम्मान करने की नसीहत देते हुए कहा कि उनके नाम पर भ्रष्टाचार करना उचित नहीं है। पोस्ट के अंत में ओमप्रकाश राजभर ने 'जय श्री राम, जय श्री कृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव और जय लोकनायक' का नारा भी लिखा।


बता दें कि ओपी राजभर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐलान किया था कि उनके पास सपा सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार की पूरी फाइल है और वो उसे समय-समय पर जनता के सामने रखेंगे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2