40 करोड़ पौधरोपण नए उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य और जनसंकल्प का प्रतीक: सीएम योगी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 13 Jul, 2026 12:18 AM
40 करोड़ पौधरोपण नए उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य और जनसंकल्प का प्रतीक: सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 40 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य पूरा कर नया इतिहास रच दिया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक पाती लिखकर उन्हें बधाई दी और इस जनभागीदारी अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व का संदेश देने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने लिखा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ और आज जनभागीदारी के बल पर एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 पर्यावरण संरक्षण को नई ताकत देने वाला महाअभियान बन गया है। उनके अनुसार 40 करोड़ पौधारोपण नए उत्तर प्रदेश के सामर्थ्य, जनसंकल्प और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है।

योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संस्कृति में वृक्षों के विशेष महत्व का उल्लेख करते हुए लिखा कि हमारी सभ्यता को ‘अरण्य संस्कृति’ कहा जाता है। उन्होंने लिखा कि वनों में ही वेद, उपनिषद और अन्य महान ग्रंथों की रचना हुई तथा ऋषि-मुनियों ने लोकमंगल का चिंतन किया। उन्होंने इस अभियान को सनातन चेतना का महोत्सव बताया।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि आयुर्वेद के अनुसार प्रत्येक पौधे में औषधीय गुण निहित हैं और वृक्ष जीवन के आधार हैं। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए लिखा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पीपल को अपना स्वरूप बताया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से 2023 के बीच उत्तर प्रदेश के वन एवं वृक्ष आवरण में 3.38 लाख एकड़ की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है और प्रदेश का हरित आवरण बढ़कर 9.96 प्रतिशत तक पहुंच गया है। उन्होंने लिखा कि अब तक प्रदेश में 280 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।

उन्होंने लिखा कि पर्यावरण असंतुलन, कार्बन उत्सर्जन में कमी और जैव विविधता संरक्षण का सबसे प्रभावी उपाय वृक्षारोपण है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे वृक्षारोपण को जन्मदिन, विवाह, बेटी की विदाई तथा अन्य शुभ अवसरों से जोड़ें। उन्होंने बच्चों के जन्मदिन पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का भी आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बेटी की विदाई पर स्नेह और स्मृति के प्रतीक के रूप में पौधा लगाने का भावनात्मक संदेश देते हुए प्रत्येक परिवार से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रत्येक पौधा हरित, सुरक्षित और समृद्ध उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव बनेगा।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2