2027 में फिर खिलेगा कमल, बूथ स्तर तक पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां: महेंद्र भट्ट
भाजपा मोर्चों की संयुक्त बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने दिया संगठन को चुनावी मोड में आने का संदेश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Jun, 2026 06:20 PMदेहरादून, 22 जून। उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने रविवार को पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक लेकर पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत समेत भाजपा के सातों मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री मौजूद रहे। बैठक में आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और चुनावी दृष्टि से कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उत्तराखंड की जनता डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगातार अपनी मुहर लगा रही है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने 2027 विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा को समर्थन देने और कमल खिलाने का मन बना लिया है। हालांकि उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि इस भरोसे के आधार पर संतुष्ट होकर बैठना उचित नहीं होगा।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक जनता का आशीर्वाद प्राप्त करना है और उन्हें ‘विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प में सहभागी बनाना है। इसके लिए सभी मोर्चों के पदाधिकारी शीघ्र मंडल और बूथ स्तर तक संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विशेष जोर
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए त्रुटिहीन मतदाता सूची बेहद जरूरी है और इस अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए, वहीं अपात्र लोगों के नाम हटाने की प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने की बात भी कही।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सरकार बनाने का निर्णय केवल देवभूमि की मूल जनता को ही करना चाहिए और पार्टी इस विषय को गंभीरता से आगे बढ़ाएगी।
सभी मोर्चों ने लिया संगठन मजबूत करने का संकल्प
इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के सभी प्रमुख मोर्चों — युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा — के प्रदेश पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक सफल बनाने और भाजपा को 2027 चुनाव में मजबूत जीत दिलाने का संकल्प लिया।
उत्तराखंड भाजपा अब साफ तौर पर चुनावी मोड में दिखाई दे रही है, जहां संगठन का पूरा फोकस बूथ स्तर तक जनसंपर्क और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर केंद्रित नजर आ रहा है।



No Previous Comments found.