'2027 में सपा का सत्यानाश तय', अखिलेश के चुनाव और राम मंदिर वाले बयान पर अनिल राजभर का पलटवार
‘चुनाव आए तो मंदिर भी जाएंगे, जनेऊ भी पहनेंगे', अखिलेश पर अनिल राजभर का निशाना, '2024 भूल जाइए, 2027 में सपा का सफाया तय', अखिलेश पर अनिल राजभर का बड़ा हमला
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Jun, 2026 08:29 PMलखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव, संविधान और राम मंदिर को लेकर दिए गए बयान पर योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का राजनीतिक भविष्य खत्म होना तय है।
दरअसल, रविवार को अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि अगर भारतीय जनता पार्टी इस बार चुनाव में जीत गई तो देश में फिर चुनाव नहीं होंगे। उन्होंने संविधान, आरक्षण और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर भी भाजपा को घेरा था। अब इन्हीं बयानों को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पलटवार किया है।
'सपा का सत्यानाश तय है'-
अनिल राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चाहे जितनी कोशिश कर लें, लेकिन 2027 के चुनाव में उनकी पार्टी का 'सत्यानाश' तय है। उन्होंने कहा, 'मैंने सुना है कि अखिलेश यादव विदेश से पढ़ाई करके आए हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि चुनाव कौन कराता है? संविधान और आरक्षण से जुड़े फैसले कहां होते हैं? या तो आप जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे हैं या फिर आपको अपना ज्ञान बढ़ाने की जरूरत है।'
राजभर बोले- कांठ की हाड़ी बार-बार नहीं चढ़ती-
अनिल राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी बार-बार झूठा नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। राजभर ने कहा, 'कांठ की हांड़ी बार-बार नहीं चढ़ती। 2024 का चुनाव भूल जाइए। जनता सपा के कृत्यों से अच्छी तरह वाकिफ है। आपके झूठे नैरेटिव का पर्दाफाश हो चुका है। यही वजह है कि 2024 के बाद हुए चुनावों में भाजपा लगातार जीत रही है।'
कैबिनेट मंत्री ने अखिलेश यादव पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा, 'अखिलेश जी, छटपटाइए मत। जनता को नासमझ मत समझिए। आखिर कितना झूठ और फरेब बोलेंगे?'
'अखिलेश के मुंह से राम नाम अच्छा नहीं लगता'-
राम मंदिर के मुद्दे पर भी अनिल राजभर ने सपा प्रमुख को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास हुआ था, तब समाजवादी पार्टी खुश नहीं थी, लेकिन अब चुनाव नजदीक आते ही राम मंदिर और धर्मनगरी की बात कर रही है।
उन्होंने कहा, 'जब राम मंदिर का शिलान्यास हुआ था, तब ये मातम मना रहे थे। अब विकास की बात कर रहे हैं। चुनाव आ रहे हैं तो मंदिर भी जाएंगे, जनेऊ भी पहनेंगे और कहेंगे कि अयोध्या को धर्मनगरी बनाएंगे। लेकिन जनता उनके पुराने रुख को अच्छी तरह जानती है।' अनिल राजभर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।



No Previous Comments found.