'2012 से 2026 तक नहीं बदला सपा का ब्राह्मणों के प्रति रवैया', रत्नाकर मिश्रा ने अखिलेश यादव को घेरा

'ब्राह्मणों को सिर्फ वोट बैंक समझती है सपा'- रत्नाकर मिश्रा ने अखिलेश यादव पर बोला तीखा हमला, रत्नाकर मिश्रा और खब्बू तिवारी ने अखिलेश के ब्राह्मण सम्मेलन पर उठाए सवाल, बोले- 'सपा में ब्राह्मणों की नहीं है कद्र'

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Jun, 2026 12:00 AM
'2012 से 2026 तक नहीं बदला सपा का ब्राह्मणों के प्रति रवैया', रत्नाकर मिश्रा ने अखिलेश यादव को घेरा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के लखनऊ में बुधवार को हुए ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि सपा ब्राह्मण समाज का वोट तो चाहती है, लेकिन उन्हें सम्मान देने को तैयार नहीं है। मिर्जापुर से बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा और बीजेपी के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।


अखिलेश पर बरसे बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा-


रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रदेश में प्रचार किया कि 17 जून को पार्टी मुख्यालय में ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बड़ी संख्या में ब्राह्मण नेता और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे, लेकिन पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद ही सम्मेलन में मौजूद नहीं रहे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अखिलेश यादव बैठक में शामिल होते तो क्या ब्राह्मण नेताओं का सम्मान कम हो जाता? उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को ब्राह्मण समाज के सम्मान से नहीं, बल्कि सिर्फ उनके वोट से मतलब है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में अखिलेश की गैरमौजूदगी ब्राह्मण समाज का अपमान है।


रत्नाकर मिश्रा ने दावा किया कि यह पहली बार नहीं है जब समाजवादी पार्टी पर ब्राह्मणों की उपेक्षा के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में भी ब्राह्मण प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज के लोग पहुंचे थे। उस समय मुलायम सिंह यादव और तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दोनों ही सम्मेलन में नहीं पहुंचे थे। मिश्रा ने कहा कि उस समय भी ब्राह्मण समाज ने खुद को उपेक्षित महसूस किया था और अब एक बार फिर वही स्थिति देखने को मिली है।


रत्नाकर मिश्रा ने ब्राह्मणों से की ये अपील-


बीजेपी विधायक ने सपा में मौजूद ब्राह्मण नेताओं से पार्टी छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि सम्मान से बड़ा कोई राजनीतिक पद नहीं होता। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज स्वाभिमान और सम्मान की परंपरा वाला समाज है और वह किसी भी प्रकार का अपमान स्वीकार नहीं कर सकता।


खब्बू तिवारी ने सपा पर लगाए ये आरोप-


वहीं बीजेपी के पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी ने भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को लखनऊ बुलाकर जिस तरह उनका अपमान किया गया, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में ब्राह्मण हमेशा सम्मान का पात्र रहा है और समाज में उसकी एक विशिष्ट भूमिका रही है।


खब्बू तिवारी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की गैरमौजूदगी ने यह संदेश दिया कि सपा में ब्राह्मण समाज को वह महत्व नहीं दिया जाता, जिसकी वह अपेक्षा करता है। उन्होंने कहा कि यह घटना कोई नई नहीं है और पहले भी समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं के बयानों से ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के ब्राह्मणों को लेकर दिए विवादित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि सपा में ब्राह्मणों का कोई सम्मान नहीं है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2