यूपी टी-20 लीगः लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लॉन्च हुआ सीजन-4 के उद्घाटन समारोह का टिकट
योगी सरकार दे रही खेलों को बढ़ावा, उत्तर प्रदेश में 14 अगस्त से शुरू होगा क्रिकेट महाकुंभ, पहली बार दो शहरों लखनऊ के इकाना स्टेडियम और कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे मैच, लखनऊ में 22 और कानपुर में होंगे क्रिकेट के 12 रोमांचक मुकाबले
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Jul, 2026 11:26 PMलखनऊ 20 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रहा है। आधुनिक खेल अवसंरचना, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और बड़े खेल आयोजनों को बढ़ावा देने की नीति के चलते प्रदेश अब राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख खेल केंद्र के रूप में उभर रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे सीजन का शंखनाद सोमवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हो गया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित समारोह में लीग के उद्घाटन समारोह के टिकटों की लॉन्चिंग की गई।
14 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन-
कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन की 4000 टिकट रियायती रेट पर लांच की गई है। इसमें अपर ब्लाक की टिकट 349 रुपए व लोअर विंग की टिकट 499 रुपए की होंगी, जो पहले आओ पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होगा। यह टिकट ई- ड्रिस्टिट एप पर भी मिलेंगे। इकाना स्टेडियम में 14 अगस्त को होने वाले उद्घाटन समारोह में सुप्रसिद्ध सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा तथा प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलास अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं भव्य ड्रोन शो व आतिशबाजी से ऐसा भव्य नजारा पेश किया जाएगा जो यूपी में पहली बार दिखेगा। समारोह का संचालन सुप्रसिद्ध एंकर जतिन सप्रू करेंगे।
लखनऊ में 22 और कानपुर में 12 मैच होंगे-
यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि पहली बार लीग का आयोजन दो शहरों में किया जा रहा है। पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जहां उद्घाटन समारोह सहित कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद दूसरा चरण 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 12 मैच खेले जाएंगे। लीग का फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को कानपुर में भव्य समापन समारोह के साथ खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा।



No Previous Comments found.