बरसाना से ‘रंगोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ, ब्रज में शुरू हुआ होली का उल्लास
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Feb, 2026 11:22 PMबरसाना। ब्रज में होली उत्सव की औपचारिक शुरुआत मंगलवार को ‘रंगोत्सव 2026’ के साथ अत्यंत भव्यता, दिव्यता और उत्साह के वातावरण में हुई। श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज के विशाल एवं सुसज्जित मैदान में आयोजित इस आयोजन ने रंग, रस और भक्ति का अद्वितीय संगम प्रस्तुत किया। समारोह के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा परिसर ‘राधे-राधे’ के जयघोष और उत्सवी उल्लास से गूंज उठा।
सांस्कृतिक संध्या में प्रख्यात कलाकार मिश्रा बंधु, विवेक मेहता, पूनम दीदी और कुमार सत्यम ने राधा-कृष्ण के रसिया, पारंपरिक होली गीतों तथा भक्तिमय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। रंग, संगीत और भक्ति से सजी इस संध्या ने हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ब्रज की प्राचीन लोक परंपराएं सजीव होकर मंच पर उतर आई हों।
रंगोत्सव के माध्यम से ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और आध्यात्मिक चेतना का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। यह आयोजन योगी आदित्यनाथ के दिशानिर्देशों के अनुरूप संपन्न हुआ, जिसकी व्यवस्थाएं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल के नेतृत्व में सुव्यवस्थित ढंग से कराई गईं।
इस गरिमामय अवसर पर परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रंगोत्सव 2026 के साथ ही ब्रज में होली के पारंपरिक और आध्यात्मिक उत्सवों की श्रृंखला का शुभारंभ हो गया है, जो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी।


No Previous Comments found.