राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर SIT जांच में बड़ा खुलासा, वायरल दावों को जांच में पाया गया भ्रामक
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Jun, 2026 02:41 PMअयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी (SIT) की प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कई खबरों और लगाए गए आरोपों की जांच में कई दावे तथ्यहीन और बेबुनियाद पाए गए हैं।
जांच के दौरान अनुराग रस्तोगी द्वारा दान की गई चांदी की ईंटों को लेकर किए गए दावों की भी पड़ताल की गई। सूत्रों के मुताबिक, यह दावा गलत पाया गया कि उक्त चांदी ट्रस्ट अभिलेखों में दर्ज नहीं है या उसका कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अभिलेखों में दान का पूरा विवरण विधिवत दर्ज है। रिकॉर्ड के अनुसार संबंधित दान दो चरणों में प्राप्त हुआ था। पहली बार 21 जुलाई 2020 और दूसरी बार 28 जुलाई 2020 को चांदी दान स्वरूप प्राप्त हुई थी।
जांच में यह भी उल्लेख मिला है कि कुल 38 किलोग्राम चांदी प्राप्त होने का रिकॉर्ड दर्ज है। वहीं 29 जुलाई 2020 को 25.576 किलोग्राम वजन की चांदी की ईंटें दान में प्राप्त होने का भी अभिलेख उपलब्ध है।
सूत्रों के अनुसार, दान में प्राप्त चांदी की ईंटों को प्रक्रिया के तहत गलाकर सुरक्षित रूप से बैंक के लॉकर में रखा गया है।
फिलहाल एसआईटी की जांच जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी विस्तार से पड़ताल की जा रही है।



No Previous Comments found.