अखिलेश का बड़ा चुनावी दांव: 300 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं को 40 हजार पेंशन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Apr, 2026 09:20 PMलखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो प्रदेशवासियों को 300 यूनिट तक फ्री बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का भी ऐलान किया गया है। इन घोषणाओं के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
स्मार्ट मीटर पर कार्यकर्ताओं की शिकायत
अखिलेश यादव लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान बुंदेलखंड से आए कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों की शिकायत की और कहा कि हर महीने बिजली का बिल ज्यादा आ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए चुनावी वादों की झड़ी लगा दी।
2027 को लेकर सपा का संदेश
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार आती है तो उनकी पार्टी जनता को महंगाई से राहत दिलाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जमीन पर एकजुट होकर इन वादों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव जरूरी है, ताकि समाजवादी नीतियों के जरिए महंगाई, भ्रष्टाचार और जनता के शोषण पर रोक लगाई जा सके।
स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने इस दौरान स्मार्ट मीटर में आ रही गड़बड़ियों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता को परेशानी हो रही है और सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए। उनके इन बयानों से साफ है कि सपा 2027 के चुनाव को अभी से मुद्दों और वादों के सहारे धार देने में जुट गई है।


No Previous Comments found.