अंबेडकर जयंती पर अखिलेश का बीजेपी पर हमला
लखनऊ में बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि, सरकार पर साधा निशाना
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Apr, 2026 07:50 PMलखनऊ, 14 अप्रैल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा अंबेडकर प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा के लिए बजट जारी किए जाने के फैसले पर सवाल उठाए।
‘बीजेपी सरकार में सबसे ज्यादा टूटीं अंबेडकर प्रतिमाएं’
अखिलेश यादव ने कहा, ‘बीजेपी की पिछली 10 साल की सरकार में सबसे ज्यादा डॉक्टर अंबेडकर की ही प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं और जो तोड़ने वाले हैं, वे ही लोग वह बजट देकर चुनाव से पहले एक झूठा संदेश देना चाहते हैं. लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता समझदार है और बीजेपी की साजिश और षडयंत्रों से सावधान भी.’
पीडीए वर्ग के खिलाफ भेदभाव का आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘अभी दलित और पिछड़ों के खिलाफ और खासकर पीडीए (पिछड़े दलित एवं अल्पसंख्यक) वर्ग के खिलाफ लगातार भेदभाव और अन्याय हो रहा है और कभी-कभी इतना शोषण होता है कि मान-सम्मान के लिए कभी-कभी लोग आत्महत्या भी कर लेते हैं.’
सरकार ने 403 करोड़ रुपये के बजट को दी मंजूरी
प्रदेश सरकार ने राज्यभर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के संरक्षण, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए ‘डॉक्टर अंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के तहत 403 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं पर सुरक्षात्मक छतरी, चारदीवारी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा
अखिलेश यादव ने कहा, ‘सपा बहुजन समाज के हजारों सालों से हो रहे शोषण के खिलाफ और सामाजिक न्याय के राज्य की स्थापना के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और आगे भी करती रहेगी, भले ही इसके लिए कुछ साल लगें या सदी.’
संविधान को बताया सम्मान की ताकत
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने बीजेपी पर तंज करते हुए कहा, ‘पिछले लोकसभा चुनाव में 400 सीट जीतने के बाद संविधान बदलने की बात कहने वाले लोग जनता से पराजय मिलने के बाद भूमिगत हो गए हैं.’ उन्होंने कहा, ‘वह भूमिगत जरूर हो गए हैं लेकिन सभी लोगों को मिलकर उन्हें हराना भी है और हटाना भी.’
उन्होंने आगे कहा, ‘बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का संविधान केवल एक कागजी दस्तावेज नहीं है, बल्कि वह लोहे की तलवार है जो समय-समय पर सम्मान दिलाने का काम करती है. संविधान हमारे लिए ढाल है, संजीवनी है. संविधान हमें न्याय दिलाता है. संविधान बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की देन है जो हमें बराबरी और आगे बढ़ने का मौका देता है. संविधान हमारा रक्षक है और उसे बचाने के लिए हम लोग हमेशा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे.’


No Previous Comments found.