उत्तराखंड : रुद्रपुर को विकास की सौगात, सरस आजीविका मेले में 295 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Feb, 2026 10:20 PMरूद्रपुर 14 फरवरी, 2026- सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क में आयोजित भव्य उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने 295.21 करोड़ के 61 कार्यों का लोकार्पण/शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री धामी ने 123.91 करोड़ के 26 कार्यों का लोकार्पण किया, जिसमें चिकित्सा विभाग के 20.35 करोड़ का 01 कार्य, लोनिवि के 9.01 करोड़ के 05, नगर निगम रूद्रपुर के 38.60 करोड़ के 09, पशुपालन विभाग के 4.74 करोड़ का 01, संस्कृति विभाग का 95 लाख का 01, सिंचाई विभाग के 26.52 करोड़ के 02, खेल विभाग के 19.02 करोड़ के 04, शिक्षा विभाग के 3.18 करोड़ का 01, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी का 96 लाख का 01 तथा नगर पालिका परिषद बाजपुर का 58 लाख का 01 कार्य शामिल है। इस प्रकार कुल 171.30 करोड़ के 35 कार्यों का लोकार्पण किया गया।
इसके अतिरिक्त 171.30 करोड़ के 35 कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिसमें लोनिवि के 93.92 करोड़ के 05 कार्य, नगर निगम रूद्रपुर के 59.53 करोड़ के 19 कार्य, पशुपालन विभाग के 3.47 करोड़ का 01 कार्य, शिक्षा विभाग के 7.41 करोड़ के 02 कार्य तथा ग्रामीण निर्माण विभाग के 6.97 करोड़ के 08 कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर व नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रूद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण, भूरारानी व गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण तथा गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ किए जाने की घोषणा शामिल है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया। उन्होंने कांवड़ियों की पैर पखारकर अंगवस्त्र व पुष्पमाला भेंट कर उनका अभिनंदन किया और त्रिशूल चौक से सरस मेला स्थल गांधी पार्क तक आयोजित शिव बारात में प्रतिभाग किया। शिव बारात में विभिन्न संगठनों और जनता द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रूद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए 288 करोड़ रुपये से अधिक की 61 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास क्षेत्र को विकास, विश्वास और भविष्य की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 590 करोड़ की लागत से रूद्रपुर बाईपास, चार लेन सड़कें, मोटर मार्गों का चौड़ीकरण, रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण, मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट, एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट, एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर तथा पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नजूल भूमि पर बसे परिवारों को मालिकाना हक दिया, समान नागरिक संहिता लागू की, नकल माफिया के खिलाफ सख्त कानून बनाया और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। इन प्रयासों से युवाओं को रोजगार और उद्यमियों को पारदर्शी माहौल मिला है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सरस मेले में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्वयं उत्पाद बनाकर सूत काता।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों ने स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सरस मेले की स्टार नाइट में शिव जागरण का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, उत्तम दत्ता, मंजीत सिंह, खतीब अहमद, मुकेश कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, गुंजन सुखीजा, श्रीनेत्र पाल मौर्या, रामपाल सिंह, अनिल चौहान, राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, पीडी हिमांशु जोशी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.