“जय श्रीराम” और "गंगा मैया की जय" उद्घोष से गूंजता रहा लोकार्पण समारोह
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण बना जनउत्सव, उमड़ा जनसमुद्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Apr, 2026 04:40 PMहरदोई, 29 अप्रैल। गंगा एक्सप्रेसवे के ऐतिहासिक लोकार्पण अवसर पर हरदोई का कार्यक्रम स्थल उस समय जन-उत्सव में बदल गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही हजारों की भीड़ स्वतः स्फूर्त भाव से कुर्सियों से खड़ी हो गई और पूरा पंडाल “भारत माता की जय”, “जय श्रीराम”, “गंगा मैया की जय” तथा “हर-हर गंगे” के उद्घोष से गूंजायमान हो उठा।
जनसमूह के बीच से उठती “मोदी-मोदी” और “योगी-योगी” की गूंज ने पूरे माहौल को और ऊर्जावान बना दिया। इस आत्मीय स्वागत को देखकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ने मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया। मंच पर उपस्थित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी जनता जनार्दन को प्रणाम कर उसके उत्साह का सम्मान किया।
भीषण गर्मी के बावजूद दूर-दराज के जिलों से पहुंचे लोगों का जोश और उत्साह का भाव देखने लायक था। विकास और आस्था के इस संगम ने माहौल को उत्सव में बदल दिया, जहां हर चेहरा इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने को उत्साहित दिखा। लोग हाथ उठाकर अभिवादन कर रहे थे तो कई अपने मोबाइल में इस यादगार पल को कैद करने में जुटे थे।
कार्यक्रम स्थल का समूचा दृश्य यह अहसास करा रहा था कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि जन-आकांक्षाओं और विकास की एक नई यात्रा का उत्सव है, जिसका इंतजार लोगों को लंबे समय से था।


No Previous Comments found.