‘योगी सरकार गुंडों का इलाज करना जानती है', ओपी राजभर ने अखिलेश को दी चेतावनी

'अपने गुंडों को संभाल लीजिए', अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तीखा हमला, 'भगवा फिर भी लहराएगा', बलिया विवाद पर अखिलेश यादव को ओपी राजभर की खुली चुनौती, 'मेरे खिलाफ सपाइयों को उतारा गया', राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Jul, 2026 11:41 AM
‘योगी सरकार गुंडों का इलाज करना जानती है', ओपी राजभर ने अखिलेश को दी चेतावनी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए एक लंबे पोस्ट में राजभर ने बलिया में अपने खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर सपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनके खिलाफ पार्टी के कार्यकर्ताओं को उतारा गया।


राजभर ने अपने पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए की। उन्होंने लिखा कि 'मित्र अखिलेश यादव जी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए।' उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ विरोध इसलिए हो रहा है क्योंकि वह सच बोल रहे हैं और यह समाजवादी पार्टी को स्वीकार नहीं है।


सपा पर लगाए ये आरोप-


राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा से गैर-यादव पिछड़ा (ओबीसी) समाज के प्रति भेदभावपूर्ण रही है। उन्होंने लिखा कि सपा गैर-यादव ओबीसी समाज को हमेशा हेय दृष्टि से देखती रही है और अब वही मानसिकता फिर सामने आ रही है।


उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन, मुर्दाबाद के नारे और काले कपड़े दिखाकर उन्हें डराया नहीं जा सकता। राजभर ने लिखा कि वह ऐसे समाज से आते हैं, जिसके खिलाफ पहले भी इस तरह के नारे लगाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें काले रंग से कोई परेशानी नहीं है और जितना विरोध करना है, किया जाए।


राजभर बोले- भगवा लहराएगा


राजभर ने समाजवादी पार्टी को लोकतांत्रिक तरीके से चुनावी मैदान में मुकाबला करने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि अगर दम है तो चुनाव में मुकाबला करें। उन्होंने लिखा कि *'काला, लाल, हरा जो दिखाना है दिखा लेना, लेकिन भगवा फिर भी लहराएगा।'*


अपने पोस्ट में राजभर ने यह भी कहा कि अगर उनके समर्थक और आम जनता जवाब में सड़क पर उतर आई तो समाजवादी पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी हो जाएगी। उन्होंने खुद को संघर्ष से निकला नेता बताते हुए कहा कि वह ऐसे विरोध से डरने वाले नहीं हैं।


पोस्ट के आखिर में राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि समाजवादी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को संभाले। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार है और वह गुंडों से निपटना अच्छी तरह जानती है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है और उनकी राजनीति से परेशान लोग अब बेनकाब हो रहे हैं।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2