स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला: तकनीकी समिति की रिपोर्ट तक पुराने मीटर बदलने पर रोक, उपभोक्ताओं को 45 दिन राहत

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Apr, 2026 07:08 PM
स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला: तकनीकी समिति की रिपोर्ट तक पुराने मीटर बदलने पर रोक, उपभोक्ताओं को 45 दिन राहत

लखनऊ, 19 अप्रैल 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शक्ति भवन, लखनऊ में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने और उसकी जांच पूरी होने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाती है।

बैठक में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार विद्युत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उपभोक्ता हितैषी और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं से मिल रही शिकायतों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि जहां हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन तुरंत नहीं काटा जाएगा। इसके लिए लगभग 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन अतिरिक्त समय दिया जाएगा। यानी कुल मिलाकर करीब 45 दिन तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

इसके अलावा 2 किलोवाट भार तक के उपभोक्ताओं को यह सुविधा दी गई है कि जीरो बैलेंस होने पर भी अधिकतम 3 दिन या ₹200 तक बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी।

लागू होगी 5-स्तरीय अलर्ट प्रणाली

उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी देने के लिए सरकार ने 5-स्तरीय अलर्ट सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत:

  • बैलेंस 30% होने पर पहला संदेश
  • बैलेंस 10% होने पर दूसरा संदेश
  • बैलेंस समाप्त होने पर तीसरा संदेश
  • डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले चौथा संदेश
  • बिजली कटने के बाद पांचवां संदेश भेजा जाएगा

रविवार और छुट्टी के दिन नहीं कटेगी बिजली

ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिए कि रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में यदि बैलेंस नेगेटिव भी हो जाए, तब भी किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

गर्मी में निर्बाध बिजली सप्लाई के निर्देश

गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी डिस्कॉम अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि ट्रांसफार्मर बदलने में देरी न हो, ढीले तारों और स्पार्किंग जैसी समस्याओं को तत्काल दूर किया जाए। अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाकर दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम की जाएं।

डिस्कनेक्ट उपभोक्ताओं से होगी सीधी बात

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन कट चुके हैं, उनसे फोन कॉल के माध्यम से संपर्क कर समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष आशीष गोयल, डीजी विजिलेंस जय नारायण सिंह, सभी डिस्कॉम के एमडी तथा जनपद स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2