नकली दवाओं के नेटवर्क पर शिकंजा, दो फार्मा कारोबारियों को जांच में शामिल करने की सिफारिश

केनाकोर्ट इंजेक्शन की संदिग्ध खरीद-बिक्री का मामला, फर्जी बिलिंग और करीब 7.20 लाख रुपये के कारोबार के आरोप

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 14 Aug, 2026 09:13 PM
नकली दवाओं के नेटवर्क पर शिकंजा, दो फार्मा कारोबारियों को जांच में शामिल करने की सिफारिश

लखनऊ। नकली और अमानक दवाओं के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अमीनाबाद में दर्ज मुकदमे की जांच का दायरा बढ़ाने की सिफारिश की है। औषधि निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने थाना अमीनाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 0062/2026 की विवेचना में श्री राज राजेश्वर इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर बाल गोविंद और श्री बाँके बिहारी फार्मा के प्रोपराइटर रोहित चड्ढा को शामिल कर जांच एवं अग्रिम कार्रवाई का अनुरोध किया है।


मार्ग सॉफ्टवेयर की जांच में सामने आया संदिग्ध लेनदेन

विभागीय जांच में 3 अगस्त को दोनों फर्मों के निरीक्षण के दौरान उनके Marg Software और स्टॉक लेजर की जांच की गई। इसमें श्री राज राजेश्वर इंटरप्राइजेज द्वारा अमीनाबाद की भारत फार्मा से बड़ी मात्रा में Kenacort 40 mg vial खरीदने और उसे बाँके बिहारी फार्मा को बेचने का रिकॉर्ड मिला।

जांच के अनुसार 25 अप्रैल 2025 को 1,440 वायल भारत फार्मा से खरीदकर 6 मई 2025 को बाँके बिहारी फार्मा को बेचने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसी तरह 22 जून 2025 को 720 वायल की खरीद और उसी दिन बिक्री दर्शाई गई। इस 720 वायल को बाद में डेबिट नोट के जरिए वापस लिया जाना भी रिकॉर्ड में दर्ज है।


3,600 वायल की खरीद पर नहीं मिला भौतिक बिल

जांच का सबसे महत्वपूर्ण बिंदु 3,600 Kenacort 40 mg vial का लेनदेन सामने आया है। बाँके बिहारी फार्मा के Marg Software में इन 3,600 वायल की खरीद राज राजेश्वर इंटरप्राइजेज से दर्शाई गई, लेकिन इसके लिए कोई भौतिक बिल प्रस्तुत नहीं किया गया।

विभाग के अनुसार फर्म संचालक रोहित चड्ढा ने बताया कि 720 वायल का बिल उपलब्ध कराया गया था, जबकि 3,600 वायल का बिल बाद में देने की बात कही गई थी। विभाग द्वारा अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए समय दिए जाने के बावजूद कोई उत्तर या स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। वहीं, राज राजेश्वर इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर बाल गोविंद ने 3,600 वायल बेचने से इनकार किया।


720 वायल का स्टॉक भी नहीं मिला

जांच में बाँके बिहारी फार्मा के वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेजर में 720 वायल का स्टॉक शेष दिखा, लेकिन वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसका ओपनिंग बैलेंस शून्य पाया गया। विभाग के अनुसार संबंधित 720 वायल का भौतिक स्टॉक भी फर्म में उपलब्ध नहीं मिला।

इस कारण उक्त औषधि का नमूना लेकर उसकी जांच और विश्लेषण कराना भी संभव नहीं हो पाया। विभाग ने इस पूरे लेनदेन को संदिग्ध मानते हुए जांच में शामिल करने की सिफारिश की है।


करीब 7.20 लाख रुपये के लेनदेन का संदेह

विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक 3,600 वायल की बाजार कीमत करीब 200 रुपये प्रति वायल मानने पर इस लेनदेन की अनुमानित कीमत 7.20 लाख रुपये बैठती है। जांच में फर्जी या कूट रचित बिलिंग के माध्यम से औषधियों की खरीद, बिक्री और भंडारण की आशंका जताई गई है।

इसके अलावा स्टॉक लेजर में Kenacort की खरीद लागत से कम कीमत पर बिक्री किए जाने के रिकॉर्ड को भी विभाग ने संदिग्ध माना है। मई 2025 से मार्च 2026 के बीच कुल 5,616 वायल की खरीद-बिक्री में करीब 29 हजार रुपये का नुकसान दर्शाया गया है।


भारत फार्मा से जुड़े मामले की भी जांच

जांच में दोनों फर्मों का संबंध भारत फार्मा, अमीनाबाद से सामने आया है। भारत फार्मा के संचालक देवेंद्र शुक्ला के खिलाफ नकली दवाओं की खरीद-बिक्री और फर्जी बिलिंग के जरिए बाजार में खपाने के आरोप में अमीनाबाद थाने में पहले से मुकदमा अपराध संख्या 0062/2026, दिनांक 29 जुलाई 2026 दर्ज है।

औषधि निरीक्षक ने अब इस मुकदमे की विवेचना में सामने आए नए तथ्यों और साक्ष्यों को शामिल करते हुए बाल गोविंद और रोहित चड्ढा की भूमिका की जांच कर BNS की सुसंगत धाराओं में अग्रिम कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2