योगी सरकार का श्रमिकों को बड़ा तोहफा: दोगुना ओवरटाइम तय, समय पर वेतन और सुरक्षा की मिली गारंटी
गौतमबुद्धनगर बना मॉडल जिला, श्रमिक हितों के लिए सख्त नियम लागू
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Apr, 2026 11:18 PM12 अप्रैल, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास का मॉडल सिर्फ बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रमिकों के अधिकारों और सम्मान को भी केंद्र में रखा जा रहा है। इसी सोच के तहत गौतम बुद्ध नगर में श्रमिकों के हित में बड़े और सख्त फैसले लागू किए गए हैं, जो प्रदेश के औद्योगिक माहौल को नई दिशा देने वाले साबित हो रहे हैं। सीएम योगी के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी ने औद्योगिक इकाइयों के साथ बैठक कर कई अहम निर्णय लिए हैं। अब सभी श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से करना अनिवार्य होगा और इसमें किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जा सकेगी।
10 तारीख तक वेतन का एकमुश्त होगा भुगतान
योगी सरकार की मंशा के अनुरूप हर श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश देना जरूरी होगा। यदि रविवार को कार्य लिया जाता है, तो उसके बदले भी दोगुना भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। यह कदम श्रमिकों के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर माना जा रहा है। सरकार ने श्रमिकों की आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बोनस और वेतन भुगतान को भी समयबद्ध कर दिया है। सभी औद्योगिक इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिकतम 30 नवंबर तक बोनस सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में भेजा जाए। वहीं, हर महीने की 10 तारीख तक वेतन का एकमुश्त भुगतान और वेतन पर्ची देना अनिवार्य किया गया है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
इन हेल्पलाइन नंबरों से मिलेगी मदद
गौतमबुद्धनगर की डीएम मेधा रूपम ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी योगी सरकार पूरी तरह सजग है। इसलिए प्रत्येक फैक्ट्री में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति का गठन अनिवार्य किया गया है, जिसकी अध्यक्ष महिला होगी। साथ ही शिकायत पेटी की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे श्रमिक बिना किसी डर के अपनी समस्या दर्ज करा सकें। श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम की स्थापना भी की है। श्रमिक अब 120-2978231, 120-2978232, 120-2978862 और 120-2978702 नंबरों पर अपनी शिकायत या सूचना दर्ज करा सकते हैं।


No Previous Comments found.