श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपियों को वीआईपी सुविधा मिलने की खबरों का जेल प्रशासन ने किया खंडन
हाई सिक्योरिटी बैरक में हैं सभी 8 आरोपी: जिला कारागार अधीक्षक, अयोध्या जेल प्रशासन ने कहा- आरोपियों की हर गतिविधि पर रखी जा रही है लगातार नजर, आवश्यकता पड़ने पर किसी भी समय सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा सकती हैः जिला कारागार अधीक्षक
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Jul, 2026 11:46 PMअयोध्या, 19 जुलाई। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में निरुद्ध आरोपियों को जेल में विशेष सुविधाएं (वीआईपी ट्रीटमेंट) दिए जाने संबंधी समाचार-पत्रों और डिजिटल मीडिया में प्रकाशित खबरों का अयोध्या जिला कारागार प्रशासन ने खंडन किया है। जिला कारागार के अधीक्षक मुकेश कुमार ने रविवार को स्पष्ट किया कि इस मामले में कुल आठ आरोपी कारागार में निरुद्ध हैं और उन्हें किसी प्रकार की विशेष सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
सीसीटीवी कैमरों से की जा रही निगरानी-
जेल अधीक्षक मुकेश कुमार ने बयान जारी करते हुए कहा कि चढ़ावा चोरी के आरोपियों को वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने संबंधी खबरें पूरी तरह तथ्यहीन हैं। कारागार में सभी बंदियों अथवा आरोपियों के साथ नियमानुसार व्यवहार किया जा रहा है किसी को भी नियमों से हटकर कोई विशेष सुविधा प्रदान नहीं की गई है। जेल प्रशासन ने मीडिया में प्रसारित ऐसी खबरों का औपचारिक रूप से खंडन किया है। सभी आठों आरोपियों को कारागार की हाई सिक्योरिटी बैरक में पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। उनकी गतिविधियों पर लगातार सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी की जा रही है। सभी बंदी हर समय कैमरों की जद में रहते हैं आवश्यकता पड़ने पर किसी भी समय सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा सकती है।



No Previous Comments found.