क्या जो आपके विधायक के सामने नहीं झुकेगा उसकी हत्या करा देंगे? अखिलेश से असीम अरुण ने पूछा तीखा सवाल

हंडिया कांड का जिक्र कर असीम अरुण ने अखिलेश को घेरा, बोले- दलितों पर अत्याचार कब तक? यूपी सरकार के मंत्री असीम अरुण ने अखिलेश यादव पर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा अनुसूचित जाति पर अत्याचार का लगाया आरोप

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 5 Jul, 2026 03:47 PM
क्या जो आपके विधायक के सामने नहीं झुकेगा उसकी हत्या करा देंगे? अखिलेश से असीम अरुण ने पूछा तीखा सवाल

लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने रविवार को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुला पत्र लिखते हुए उनके कार्यकर्ताओं, विधायकों और जनप्रतिनिधियों पर अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों पर अत्याचार, जमीन कब्जा और हत्याओं का आरोप लगाया है। 


असीम अरुण ने लिखा कि आखिर सुशील और संतोष गौतम का क्या कसूर था? बस यही कि आपके कब्जा करने की सोच रखने वाले विधायक के आगे वे नहीं झुके। उन्होंने पूछा कि क्या जो आपके आगे नहीं झुकेगा, उसकी हत्या कर दी जाएगी?


मंत्री असीम अरुण ने अपने एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव को लिखा है कि उनके अहंकारी और अराजक कार्यकर्ता आए दिन अनुसूचित जाति के लोगों की जान ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ता अनुसूचित जाति लोगों की जमीन पर कब्जा करने, मारपीट करने और हत्या करने की घटनाओं में लगे हुए हैं।


प्रयागराज हंडिया घटना का जिक्र-


मंत्री ने विशेष रूप से प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र की घटना का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि 22 दिनों के अंदर एक अनुसूचित जाति परिवार के दो सगे भाइयों सुशील कुमार गौतम और संतोष कुमार गौतम की हत्या कर दी गई। दोनों की लाश फंदे से लटकी मिलीं। परिवार ने हंडिया के सपा विधायक हाकिम लाल बिंद पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है।


हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा गांव में सुशील कुमार गौतम (32 वर्ष) का शव 3 जुलाई को फंदे से लटका मिला। लगभग 22 दिन पहले उनके छोटे भाई संतोष कुमार की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सपा विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज की है।


असीम अरुण ने अखिलेश यादव से कहा है कि वे अपने कार्यकर्ताओं पर लगाम लगाएं। उन्होंने सपा की पुरानी नारेबाजी 'जर, जोरू और जमीन हमारी है' का जिक्र करते हुए कहा कि सपा कार्यकर्ता अनुसूचित जाति को 'कीड़ा-मकौड़ा' समझते हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर कब तक आपके कार्यकर्ता अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार करते रहेंगे? कब तक उनकी जमीन पर कब्जा होता रहेगा? कब तक मारपीट और हत्याएं होती रहेंगी?


मंत्री ने 'नए भारत के नए उत्तर प्रदेश' का उल्लेख करते हुए कहा कि अभी भी सपा के लोग दमनकारी सोच रखते हैं।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2