सपा सरकार में प्रजापति समाज के लोगों को तालाब से मिट्टी तक नहीं लेने देते थे यादव: ओम प्रकाश राजभर
आजमगढ़ के फूलपुर विधानसभा में भागीदारी पार्टी ने महारैली का किया आयोजन, प्रजापति समाज को सबसे ज्यादा यादवों ने मारा-पीटा: प्रेम चंद्र प्रजापति, महारैली में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट mntri ओम प्रकाश राजभर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Jun, 2026 09:00 PMमहारैली, 27 जून : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अब कुछ ही महीने बचे हैं। जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासी दल अपने-अपने सामाजिक समीकरण साधने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को आजमगढ़ के फूलपुर में आयोजित जन अधिकार महारैली में भागीदारी पार्टी ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया।
महारैली में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधा, जबकि भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में सबसे ज्यादा अत्याचार प्रजापति समाज पर हुए। उन्होंने कहा कि अब समाज जाग चुका है और सपा को दोबारा सत्ता में नहीं आने देगा।
रैली में क्या बोले ओपी राजभर?
महारैली को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा सरकार में यादव लोग तालाबों पर अवैध कब्जा कर लेते थे और प्रजापति समाज के लोगों को मिट्टी तक नहीं लेने देते थे। उन्होंने कहा कि आज भागीदारी पार्टी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस में बेचैनी है। उन्होंने दावा किया कि जो राजनीतिक दल कभी प्रजापति समाज को सिर्फ वोट बैंक समझते थे, आज वही समाज अपने झंडे और अपने नेतृत्व के साथ खड़ा हो गया है। राजभर ने कहा कि भागीदारी पार्टी ने हमेशा समाज के सुख-दुख में साथ खड़े होकर उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई लड़ी है, इसलिए लोगों का भरोसा पार्टी पर लगातार बढ़ रहा है।
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि प्रजापति, पाल, बिंद, केवट, मल्लाह, राजभर, निषाद, माझी, तेली और फकीर समाज अब समाजवादी पार्टी से दूर हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ की धरती से 27 जून को भागीदारी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है और आने वाले चुनाव में यही सामाजिक समीकरण निर्णायक साबित होंगे।
'सपा सरकार में सबसे ज्यादा प्रजापति समाज पर हुआ अत्याचार'
महारैली की अध्यक्षता कर रहे भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने कहा कि प्रजापति समाज को सबसे ज्यादा यादव मार-पीट रहे हैं। समाजवादी पार्टी पर सबसे तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रजापति समाज का सबसे ज्यादा उत्पीड़न सपा सरकार के दौरान हुआ। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में यादव समाज के लोगों ने प्रजापति समाज के लोगों की जमीन को कब्जा किया। उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करने की तमाम कोशिशें की गईं।
प्रेमचंद प्रजापति ने कहा कि वर्षों तक समाजवादी पार्टी ने प्रजापति समाज को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया, लेकिन कभी सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं दी। अब समाज यह समझ चुका है कि सम्मान और अधिकार की लड़ाई भागीदारी पार्टी के साथ ही लड़ी जा सकती है। प्रेमचंद प्रजापति ने कहा कि भागीदारी पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जिसने प्रजापति समाज में राजनीतिक भागीदारी की नई चेतना पैदा की है।
‘पूर्वांचल में प्रजापति समाज निभाएगा निर्णायक भूमिका'-
पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. महेशचंद्र प्रजापति ने कहा कि पूर्वांचल ही नहीं, बल्कि बुंदेलखंड में भी प्रजापति समाज बड़ी संख्या में रहता है, लेकिन उसे कभी उसकी आबादी के हिसाब से राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बसपा ने वर्षों तक प्रजापति समाज के वोट तो लिए, लेकिन नेतृत्व और हिस्सेदारी देने से हमेशा परहेज किया।
उन्होंने दावा किया कि आजमगढ़ जिले की लगभग सभी विधानसभा सीटों पर प्रजापति समाज निर्णायक स्थिति में है। फूलपुर, अतरौलिया, दीदारगंज, निजामाबाद, सदर और सगड़ी समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में समाज की बड़ी संख्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भागीदारी पार्टी जिस गठबंधन के साथ होगी, सरकार उसी की बनेगी। उन्होंने इसे आजमगढ़ से पूर्वांचल में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत बताया।



No Previous Comments found.