यूपी न्यूज़ : मुख्यमंत्री योगी की संवेदनशील पहल से बुजुर्गों को मिल रहा सम्मान, यूपी में वृद्धावस्था पेंशन योजना बनी मजबूत सहारा
योगी सरकार की कल्याणकारी नीतियों से बुजुर्गों को मिल रहा सम्मानजनक जीवन, प्रदेश में 67.50 लाख लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा, 38,26,636 बुजुर्ग पुरुष और 29,23,364 महिला लाभार्थियों को दी जा रही आर्थिक सहायता
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 May, 2026 09:30 PMलखनऊ, 16 मई। उत्तर प्रदेश में बुजुर्गों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन देने के उद्देश्य से संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशील सोच का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है। योगी सरकार की कल्याणकारी नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों के लिए यह योजना न केवल आर्थिक सहायता का माध्यम बनी है, बल्कि उनके जीवन में आत्मसम्मान और सुरक्षा की भावना भी मजबूत कर रही है।
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत वर्तमान में करीब 67.50 लाख लाभार्थियों को नियमित पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। इनमें 38,26,636 पुरुष और 29,23,364 महिला लाभार्थी शामिल हैं। सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता बुजुर्गों की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
हर जरूरतमंद बुजुर्ग तक पहुंच रही सरकारी सहायता-
योगी सरकार ने पेंशन योजना को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्था को मजबूत किया है। पात्र बुजुर्गों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जा रही है। इससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है तथा लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों को भी इस योजना का व्यापक लाभ मिल रहा है। पहले जहां पेंशन के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं योगी सरकार में ऑनलाइन आवेदन और सत्यापन प्रक्रिया से काम आसान हुआ है। सरकार द्वारा समय-समय पर पात्रता सूची का सत्यापन भी कराया जा रहा है ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
वृद्धावस्था पेंशन योजना से मिल रहा बड़ा सहारा-
वृद्धावस्था पेंशन योजना महिलाओं के लिए भी बड़ी राहत साबित हो रही है। प्रदेश में लगभग 29 लाख से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है। पति के निधन या परिवार में आर्थिक सहयोग न मिलने की स्थिति में यह पेंशन उनके लिए सम्मानपूर्वक जीवन जीने का आधार बन रही है। योगी सरकार की कोशिश है कि समाज का कोई भी बुजुर्ग आर्थिक तंगी के कारण उपेक्षित महसूस न करे। यही कारण है कि योजना के दायरे को लगातार बढ़ाया जा रहा है और पात्र लाभार्थियों को तेजी से जोड़ा जा रहा है।
सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने पर सरकार का जोर-
योगी सरकार बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, निराश्रित महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों के लिए लगातार कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार सार्वजनिक मंचों से यह कह चुके हैं कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा व सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। समाज कल्याण विभाग के अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार वृद्धावस्था पेंशन योजना को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित कर रही है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रदेश के प्रत्येक पात्र बुजुर्ग को समय पर पेंशन का लाभ मिले। सरकार की मंशा है कि बुजुर्ग सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन यापन करें।
जौनपुर में सबसे ज्यादा लाभार्थियों को मिल रही वृद्धावस्था पेंशन-
यूपी के जौनपुर में कुल 224345 (123525 पुरुष,100820 महिला) आजमगढ़ में कुल 197129 (110963 पुरुष, 86166 महिला) गोरखपुर में कुल 172917 (102160 पुरुष, 70757 महिला) गाजीपुर में कुल 179161 (94358 पुरुष, 74803 महिला) और हरदोई में कुल 179105 ( 98984 पुरुष, 70121 महिला) लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है।



No Previous Comments found.