राम मंदिर की कमान अब पूर्व एयर मार्शल के हाथ, जितेंद्र मिश्रा बने पहले CEO
लखनऊ, सितंबर 02, 2026 अयोध्या के राम मंदिर के प्रशासनिक ढांचे में एक अहम बदलाव किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। बुधवार को आयोजित ट्रस्ट की बैठक में उनके नाम पर निर्णय लेते हुए इसकी घोषणा की गई। देवरिया के रहने वाले जितेंद्र मिश्रा को भारतीय वायुसेना में उनके अनुभव के लिए जाना जाता है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व किया था। अब राम मंदिर के पहले CEO के रूप में उन्हें एक नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। ट्रस्ट की बैठक में तीन नए सदस्यों को भी शामिल करने का फैसला किया गया। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के एडवोकेट मदन मोहन पांडेय और RSS से जुड़ीं शिकोहाबाद की निर्मला यादव को ट्रस्टी नियुक्त किया गया है। निर्मला यादव के ट्रस्ट में शामिल होने के साथ ही वह इसकी पहली महिला सदस्य बन गई हैं। राम मंदिर में 7 जून को चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया था। इस मामले में आठ आरोपी जेल में हैं। इसके बाद 2 जुलाई को महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। दोनों के इस्तीफे के बाद रिटायर्ड IFS कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी दी गई थी। पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की पहले CEO के रूप में नियुक्ति के साथ ही ट्रस्ट में नए सदस्यों की एंट्री राम मंदिर के प्रशासनिक प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण बदलाव है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब चढ़ावा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट के भीतर पहले ही कई प्रशासनिक परिवर्तन हो चुके हैं।

No Previous Comments found.