जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची तीन दिवसीय भारत दौरे पर,PM मोदी के साथ होगी अहम शिखर वार्ता
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Jul, 2026 03:36 PMजापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची 1 से 3 जुलाई तक भारत के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान दोनों नेता 2 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह साने ताकाइची की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, शिखर सम्मेलन में दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे और व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा सुरक्षा, बुनियादी ढांचा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे। दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है। भारत और जापान के बीच रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी लगातार मजबूत हुई है। दोनों देश मुक्त, समावेशी और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के समर्थन के साथ-साथ आर्थिक सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और नई तकनीकों के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दे रहे हैं। माना जा रहा है कि यह शिखर सम्मेलन दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को और गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



No Previous Comments found.