बंगाल में परिवर्तन अब पत्थर की लकीर बन चुका है: PM मोदी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 9 Apr, 2026 05:39 PM
बंगाल में परिवर्तन अब पत्थर की लकीर बन चुका है: PM मोदी

आसनसोल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के हल्दिया के बाद आसनसोल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह पश्चिम बर्धमान की जनता का ये प्यार, इतना बड़ा जनसैलाब, ये उत्साह, ये जोश, ये माहौल बता रहा है कि बंगाल में परिवर्तन की ताजा हवा चल रही है। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में परिवर्तन अब पत्थर की लकीर बन चुका है। पूरा आसनसोल अब परिवर्तन चाहता है, पूरा बंगाल परिवर्तन चाहता है। बंगाल में टीएमसी के पापों का घड़ा अब भर चुका है। बंगाल में अगली सरकार डबल इंजन की सरकार बनेगी। 4 मई के बाद बंगाल विकास के एक नए युग में प्रवेश करेगा। टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की प्रगति के लिए टीएमसी से मुक्ति जरूरी है, क्योंकि आज जब पूरा देश तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, तब टीएमसी बंगाल को पीछे धकेलने में लगी हुई है। यहां के संसाधन, यहां की संभावनाएं और नौजवानों के अवसर, सब पर टीएमसी के गुंडों का कब्जा है। बंगाल की जो संपत्ति विकास के काम आनी चाहिए, उसकी खुली लूट हो रही है। आसनसोल कोल बेल्ट का बहुत बड़ा इलाका है लेकिन टीएमसी के राज में इस पूरे कारोबार पर सिंडिकेट का कब्जा है। बंगाली मानुस इससे परेशान है। उन्होंने आगे कहा कि आसनसोल और दुर्गापुर का ये पूरा इलाका कभी बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश के औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र था। साइकिल से लेकर रेल तक, पेपर से लेकर स्टील तक, एल्युमिनियम से लेकर ग्लास तक यहां कारखानों की लंबी चेन थी। पूरे देश से लोग यहां काम करने आते थे। लेकिन, आज यहां उद्योगों का लगातार पलायन हो रहा है, यहां के युवाओं को घर छोड़कर बाहर जाना पड़ रहा है। पूरे बंगाल के यही हाल हैं, पूरा बंगाल इसी संकट से घिरा है। हमारा भारत एक विशाल परिवार है, जिसमें 140 करोड़ सदस्य हैं, जिसमें अलग-अलग राज्य, परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये राज्य जितना कमाते हैं, उतनी ही परिवार की आय बढ़ती है। उन्होंने जनता से कहा कि ये चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं है। ये आसनसोल को उसकी पुरानी औद्योगिक शक्ति लौटाने का चुनाव है। ये माफियाराज से मुक्ति पाने का चुनाव है। ये काम सिर्फ भाजपा-एनडीए सरकार ही कर सकती है। बीते कई दशकों में बंगाल ने हर पार्टी पर विश्वास करके देखा। पहले कांग्रेस, फिर लेफ्ट, फिर टीएमसी, लेकिन, सबने बंगाल के लोगों को धोखा देने का ही काम किया, बंगाल के लोगों के सपनों को मिट्टी में मिला दिया, बंगाल के लोगों के भविष्य को कुचल दिया। इसलिए लोग केवल बातों पर भरोसा नहीं करना चाहते, बंगाल की जनता अब काम और ट्रैक रिकॉर्ड देखने का फैसला करना चाहती है। बंगाल में विकास करने का, बंगाल को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड केवल भाजपा के पास है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस इलाके के विकास में लगी है। यहां औद्योगीकरण में मदद और स्टील प्लांट के विस्तार के लिए 45 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च किए गए हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि 4 मई के बाद निर्मम सरकार जाएगी, भाजपा सरकार आएगी। हमारी सरकार द्वारा इस इलाके की एक-एक परेशानी का समाधान किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज बंगाल में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। बंगाल की महिलाएं सुरक्षा और सम्मान चाहती हैं। 15 सालों तक बंगाल पर कब्जा करने के लिए टीएमसी ने हथकंडा अपनाया है। इन्होंने अपनी ही जनता पर अत्याचार किए हैं। टीएमसी वाले यह भूल रहे हैं कि भय और आतंक की मशीनरी पहले वामपंथियों के पास थी। पश्चिम बंगाल की जनता ने वामपंथियों के आतंक को हराया था और अब वही जनता टीएमसी का अंत कर रही है। बंगाल की जनता ने लेफ्ट के आतंक को भी हराया था और अब वही जनता टीएमसी के भय का भी अंत कर रही है। इसीलिए, इस चुनाव में टीएमसी का एक भी हथकंडा काम नहीं आ रहा है। ये लोग पूरी तरह बौखलाए हुए हैं। अभी मालदा में जो हुआ अपनी बौखलाहट में टीएमसी ने बहुत बड़ी भूल कर दी है। ये घटना टीएमसी के इस महाजंगलराज के ताबूत में आखिरी कील साबित हो रही है। इसी बौखलाहट में अब टीएमसी वाले देश के सुरक्षाबलों और सीआरपीएफ को गाली दे रहे हैं। इसका जवाब बंगाल की देशभक्त जनता देगी। बंगाल में अब टीएमसी का भय नहीं, बल्कि भाजपा का भरोसा चलेगा। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोगों की एक बहुत बड़ी चिंता घुसपैठियों की है। जो लोग कई पीढ़ियों से अपने गांव और मोहल्लों में रहते आ रहे थे, उनके देखते-देखते उन पर घुसपैठियों का कब्जा हो रहा है। कुछ जगह तो डेमोग्राफी इतनी बदल गई है कि लोगों को मंदिर जाने और पूजा करने की इजाजत नहीं मिल रही। कुछ जगह श्रद्धालुओं के रोज मंदिर जाने पर पाबंदी लगा दी गई, केवल दुर्गापूजा के अवसर पर ही पूजा करने दी जाती है। घुसपैठ को बढ़ावा देकर आज ऐसे हालात पैदा कर दिए गए हैं, और ये सब टीएमसी सरकार ही करवा रही है। एक समय था, जब लाल इश्तेहार जारी करके हिंदुओं को नरसंहार की धमकी दी जाती थी। टीएमसी भी आज वही कर रही है। एक समुदाय के नाम पर, फिर से हिंदुओं को धमकाया जा रहा है। आसनसोल और बंगाल के लोग चाहते हैं कि उनकी जमीन, आस्था, आजीविका और उनके बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे। इसलिए आने वाली 23 अप्रैल को भविष्य के फैसले की घड़ी है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2