बिहार : सम्राट चौधरी लेंगे CM पद की शपथ, पहली बार भाजपा के नेतृत्व वाली बनेगी सरकार, सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 15 Apr, 2026 10:14 AMपटना। बिहार की सियासत में आज एक नया इतिहास रचने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी आज बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। पटना स्थित लोकभवन के जर्मन हैंगर में सुबह 11 बजे भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह बिहार के इतिहास में पहली बार होगा जब राज्य की कमान भाजपा के मुख्यमंत्री के हाथों में होगी।
नई सरकार के सत्ता समीकरण के तहत जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से दो अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। सम्राट चौधरी के साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव उपमुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में देशभर से कई राज्यों के मुख्यमंत्री और दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बिहार में यह बड़ा बदलाव नीतीश कुमार के इस्तीफे और उनके राज्यसभा जाने के फैसले के बाद आया है। लगभग 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार ने सोमवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसके बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।
मुख्यमंत्री मनोनीत होने के बाद सम्राट चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा, "मैंने राजनीतिक जीवन में नीतीश कुमार जी से बहुत कुछ सीखा है। उनके साथ रहकर सरकार चलाने का अनुभव प्राप्त हुआ है। उन्होंने समृद्ध बिहार का जो सपना देखा है, हम सब मिलकर उसे और प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे ले जाने का काम करेंगे।"


No Previous Comments found.