7.8% ग्रोथ के बीच मोदी का स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का मंत्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Sep, 2026 04:03 PMनई दिल्ली, 01सितंबर 2026 देश की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बधाई दी और इसे देश की सामूहिक शक्ति, संकल्प और पुरुषार्थ का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर लगातार बनी हुई चुनौतियों के बावजूद भारत की तेज आर्थिक प्रगति देशवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। “लेकिन देशवासियों को मैं बधाई देता हूं। उनके संकल्प शक्ति के लिए, उनके पुरुषार्थ के लिए, एक सामूहिक शक्ति का एक प्रतिबिंब है।” उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय युद्ध और संकटों से घिरी हुई है। “दुनिया युद्ध में डूबी हुई है। चारों तरफ युद्ध की खबरें आ रही हैं। विश्व संकटों से घिरा हुआ है। सप्लाई चेन पूरी तरह डिस्टर्ब है। 2020 में कोविड काल से लेकर अब तक कहीं पर भी स्थिरता नजर नहीं आ रही है। उसके बावजूद भी भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि बाहरी चुनौतियों के साथ-साथ देश के भीतर भी कुछ लोग निराशा का माहौल बनाने में लगे हैं, लेकिन इन सभी परिस्थितियों को पार करते हुए भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। “दूसरी तरफ भारत के भीतर भी निराशा की गर्त में डूबे हुए लोग झूठ की गूंज चारों तरफ निराशा फैलाने में लगे हुए हैं। इन सारी चीजों को पार करते हुए उन सभी बातों को चीर करके देश ने 7.8 प्रतिशत ग्रोथ हासिल किया है। हमें इस गति को बनाए रखना है। हमें बढ़ना भी है।” देश की आगे की प्रगति के लिए उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को जरूरी बताया। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेड इन इंडिया’ को अपनाने की अपील करते हुए उन्होंने विदेशों में घूमने-फिरने और शादी करने से बचने की बात कही। साथ ही जरूरत न होने पर सोना न खरीदने का भी संदेश दिया। “आत्मनिर्भर भारत बनना बहुत जरूरी है। स्वदेशी का मंत्र, वोकल फॉर लोकल। विदेशों की यात्राएं अगर घूमने-फिरने जाते हैं तो नहीं करना चाहिए। शादी बाहर विदेशों में करते हैं नहीं करना चाहिए, मेड इन इंडिया के मंत्र को जीना चाहिए और जरूरत न हो तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए।” उन्होंने विश्वास जताया कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर अधिक जोर देकर भारत आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंप सकता है। देशवासियों से मेहनत और पुरुषार्थ में कोई कमी न रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि 140 करोड़ लोगों की एकजुट शक्ति देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। “देशवासियो हम पुरुषार्थ में कोई कमी न रखें, हमारी नीति सही है। हमारी नीयत साफ है और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति आज एकजुट होकर के देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। आइए, खुशियां भी मनाइए, संकल्प कीजिए और संकल्प को सिद्ध करने के लिए मेरे साथ चल पड़िए। बहुत, बहुत शुभकामनाएं, बहुत-बहुत बधाई।”



No Previous Comments found.