बस्तर में जवानों संग दिवाली मनाने पहुंचे PM मोदी, नक्सलवाद पर देश की जीत का किया जिक्र
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Nov, 2026 11:31 PMनई दिल्ली, 08 नवंबर 2026 दिवाली के खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों के साथ खुशियों का त्योहार मनाया। जवानों के बीच मौजूद प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बस्तर की बदली तस्वीर और नक्सलवाद के खिलाफ लंबे संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिस बस्तर की पहचान कभी नक्सली हिंसा और आतंक से होती थी, आज वही क्षेत्र शांति और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। इस बदलाव के पीछे उन्होंने सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और समर्पण को अहम बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर की धरती से जवानों को संबोधित करते हुए कहा, "ये वो भूमि है जहाँ कभी नक्सली आतंक का कहर था, और आप सबकी त्याग तपस्या के कारण उसी भूमि पर आज नक्सली आतंक का कहर खत्म हुआ। विकास की बहार शुरू हो गई।" उन्होंने साल 2026 की दिवाली को खास बताते हुए कहा कि चार-पांच दशकों के बाद देश ऐसी दिवाली मना रहा है, जब नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों से जारी संघर्ष में देश को जीत हासिल हुई है। पीएम मोदी ने कहा, "ये पहली दिवाली है जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है, ये पहली दिवाली है जब करोड़ों देशवासी नक्सलवाद के भय को परास्त कर चुके हैं।" उन्होंने इसे देश के लिए असाधारण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसकी सबसे बड़ी वजह सुरक्षा बलों के जवानों का योगदान है। प्रधानमंत्री ने लाखों वीर जवानों, बेटे-बेटियों और सुरक्षाकर्मियों के त्याग एवं बलिदान को इस सफलता का आधार बताया। प्रधानमंत्री ने जवानों के साथ दिवाली मनाने के अपने उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा, "इसलिए आज मैं आपके साथ दिवाली मनाने आया हूँ, और एक सौ चालीस करोड़ देशवासियों की ओर से आपके त्याग, समर्पण और सेवा भाव के प्रति आभार भी व्यक्त करने के लिए आया हूँ।" बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाकर पीएम मोदी ने देश की सुरक्षा में जुटे कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया।


No Previous Comments found.