ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में छाए पीएम मोदी, दौरे और समझौतों को मिली प्रमुखता
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Jul, 2026 07:42 AMनई दिल्ली / मेलबर्न : भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सहयोग को नई दिशा देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे को वहां के मीडिया में व्यापक कवरेज मिली है। मेलबर्न में हुए उच्चस्तरीय शिखर वार्ता के बाद हुए महत्वपूर्ण समझौतों के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता भी ऑस्ट्रेलियाई अखबारों की सुर्खियों में रही।
ऑस्ट्रेलियाई अखबारों की सुर्खियों में रहे पीएम मोदी
ऑस्ट्रेलिया यात्रा के अगले ही दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां के प्रमुख समाचार पत्रों के पहले पन्ने पर छाए रहे। ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘द ऑस्ट्रेलियन’ ने अपने फ्रंट पेज पर प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को प्रमुखता देते हुए शीर्षक दिया— ‘व्यापार और रक्षा के क्षेत्र में तोहफे लेकर आए मोदी.’ इसी अखबार के एक कॉलमनिस्ट ने अपने लेख में प्रधानमंत्री मोदी का उल्लेख करते हुए लिखा— ‘पीएम पूरी तरह ”मिस्टर इंडिया” के साथ.’
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के एक अन्य प्रमुख अखबार ‘द एज’ ने भी प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को पहले पन्ने पर स्थान दिया। अखबार ने प्रमुख शीर्षक दिया— ‘अल्बनीज का ‘मोदी ऑपरेंडी’ यानी मोदी की तरह काम करने का तरीका.’
18 अहम समझौतों से मजबूत हुई रणनीतिक साझेदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कुल 18 महत्वपूर्ण समझौतों पर सहमति बनी। इन समझौतों में व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स), नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
सबसे महत्वपूर्ण समझौतों में ऑस्ट्रेलिया से भारत को यूरेनियम निर्यात का समझौता शामिल है। यह समझौता भारत के शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को गति देने के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के संसाधन क्षेत्र के लिए नए बाजार के अवसर भी उपलब्ध कराएगा।
भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों पर नेताओं का जोर
समझौतों के बाद मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा,
“ऑस्ट्रेलिया और भारत सिर्फ करीबी साझेदार ही नहीं, बल्कि बहुत अच्छे दोस्त भी हैं.”
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच विकसित हो रही साझेदारी भविष्य के लिए ऐतिहासिक अवसर लेकर आई है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को भारत की सड़क, बंदरगाह, रेलवे तथा अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में निवेश के लिए भी आमंत्रित किया।
अल्बनीज ने बताया ‘जीवंत पुल’, प्रवासी भारतीयों ने किया भव्य स्वागत
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच “एक जीवंत पुल” बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मेलबर्न में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के एक विशाल कार्यक्रम को भी संबोधित किया, जहां हजारों प्रवासी भारतीयों ने “मोदी, मोदी” के नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उनका यह तीसरा ऑस्ट्रेलिया दौरा दोनों देशों के बीच लगातार मजबूत होते संबंधों का प्रतीक है।
नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी
प्रधानमंत्री मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा ने दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक सहयोग को और मजबूत आधार प्रदान किया है। व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, परमाणु सहयोग और निवेश जैसे क्षेत्रों में हुए समझौते भविष्य की साझेदारी को नई गति देंगे। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में मिली व्यापक कवरेज और प्रवासी भारतीयों के उत्साहपूर्ण स्वागत ने इस यात्रा के महत्व और भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को भी रेखांकित किया।



No Previous Comments found.