वैशाली में पुल पर बड़ा हादसा, लॉन्चर गिरने से 7 मजदूर घायल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Sep, 2026 03:39 PMपटना, 10 सितंबर 2026 बिहार के वैशाली में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रही NH-139W फोरलेन सड़क पर बड़ा हादसा हुआ। लालगंज के जलालपुर गांव में निर्माणाधीन पुल पर लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान भारी ढांचा अचानक नीचे गिर गया, जिससे 7 मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों के अनुसार, लॉन्चर का फ्रंट सपोर्ट अचानक फेल हो गया था। हादसे में एक मजदूर लॉन्चर के नीचे दब गया, जिसे करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जबकि अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया और दावा किया कि घटना के बाद कंपनी के अधिकारी और इंजीनियर मौके से चले गए। ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि साइट पर एम्बुलेंस और पर्याप्त आपातकालीन व्यवस्था क्यों नहीं थी। NHAI ने कहा कि घटना लॉन्चर शिफ्टिंग के दौरान हुई और मुख्य पुल के ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। प्राधिकरण के मुताबिक, मौके पर मौजूद चार मजदूर घायल हुए और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। NHAI ने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर प्रतिबद्धता कायम है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।



No Previous Comments found.