उत्तराखंड न्यूज़ : दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम धामी, देवभूमि के पारंपरिक उत्पादों और कुंभ-2027 की स्मृति भेंट कर लिया मार्गदर्शन

प्रधानमंत्री से प्राप्त किया मार्गदर्शन, मलारी की पारंपरिक कोट की पट्टी, दोरखा, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल किए भेंट

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 20 Nov, 2026 03:31 PM
उत्तराखंड न्यूज़ : दिल्ली में पीएम मोदी से मिले सीएम धामी, देवभूमि के पारंपरिक उत्पादों और कुंभ-2027 की स्मृति भेंट कर लिया मार्गदर्शन

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें शक्तिशाली, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दृढ़ नेतृत्व और इच्छाशक्ति से देश विकास एवं सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक विरासत और स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक संपदा का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न पारंपरिक उत्पाद प्रधानमंत्री को सादर भेंट किए।

इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखंड का शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का प्रसिद्ध राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस भेंट के माध्यम से मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उत्पादों को देश के सामने प्रस्तुत करने के साथ ही आगामी हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों और उससे जुड़ी आध्यात्मिक विरासत का भी संदेश दिया।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.