छठ महापर्व पर नितिन नवीन ने दीघा घाट पर लगाई गंगा में डुबकी, कहा- आस्था का यह पर्व देता है अद्भुत ऊर्जा और शक्ति
पटना में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने परिवार और समाज के साथ साझा की पर्व से जुड़ी पुरानी यादें
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Nov, 2026 09:23 PMपटना, 14 नवंबर 2026। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के पारंपरिक अनुष्ठान के साथ हो गई है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पटना के दीघा घाट (पाटलिपुल) पहुंचकर मां गंगा में पवित्र डुबकी लगाई और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रार्थना की।
इस दौरान नितिन नवीन ने छठ महापर्व के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आस्था का यह महापर्व प्रत्येक व्यक्ति को अद्वितीय ऊर्जा और शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उनके जीवन में छठ पर्व का विशेष महत्व रहा है। यह भव्य आयोजन बिहार की समृद्ध संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं को नई पहचान दिलाने के साथ देश-दुनिया में राज्य की सांस्कृतिक विरासत को प्रतिष्ठित करता है।
परिवार, अनुशासन और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है छठ
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारिवारिक एकजुटता, सामूहिक सहभागिता, स्वच्छता, पवित्रता और अनुशासन का भी अनुपम उदाहरण है। भगवान भास्कर और मां गंगा की आराधना से लेकर मेहनतकश किसानों की उपज से तैयार प्रसाद तक, इस पर्व का प्रत्येक पक्ष प्रकृति और उसके प्रति कृतज्ञता के भाव को प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कहा कि छठ के चार दिनों के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शक्ति का नया अनुभव होता है। यही ऊर्जा उन्हें पूरे वर्ष अपने दैनिक कार्यों और सामाजिक एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा और संबल प्रदान करती है।
पिता के समय से परिवार की परंपरा का हिस्सा रहे हैं दीघा घाट
नितिन नवीन ने छठ से जुड़ी अपनी पारिवारिक स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से इस महापर्व को करीब से देखा है और इसी परंपरा के बीच उनका जीवन आगे बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पाटलिपुल के पास गंगा किनारे स्थित छठ घाट उनके परिवार के लिए उनके पिता के समय से ही आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र रहे हैं। उनका परिवार इन्हीं घाटों पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए आया करता था।
उन्होंने कहा कि छठ के माध्यम से व्यक्ति मां गंगा की विशालता और प्रकृति के विराट स्वरूप का साक्षात्कार करता है। यह पर्व परिवार, समाज और परंपराओं के बीच भावनात्मक संबंधों को और मजबूत बनाता है।
न्यूयॉर्क से मुंबई तक दुनिया भर में पहुंची बिहार की छठ परंपरा
छठ महापर्व के वैश्विक विस्तार का उल्लेख करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के लोग रोजगार, व्यवसाय और अन्य कारणों से देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे, लेकिन उन्होंने अपनी सांस्कृतिक विरासत और छठ की परंपरा को हमेशा अपने साथ बनाए रखा।
उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में आयोजित होने वाले छठ उत्सव हों, मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर होने वाले आयोजन हों या दिल्ली में यमुना नदी के तट पर छठ पूजा के आयोजन के प्रयास, हर जगह इस महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था देखने को मिलती है। बिहार से बाहर रहने वाले लोगों ने न केवल इस परंपरा को जीवित रखा है, बल्कि वहां के स्थानीय समाज ने भी इसे पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनाया है।
नितिन नवीन ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान का ऐसा प्रतीक है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर लोगों को आस्था, प्रकृति, स्वच्छता, समर्पण और सामाजिक एकता के सूत्र में जोड़ता है।


No Previous Comments found.